बैंकों की तीन दिन की छुट्टी ने आम लोगों को खूब परेशान किया। सोमवार को पूरे जिले में मात्र एक एटीएम पर ही लोगों को पैसे मिल सके। एक मात्र चंदौली में एसबीआई का एक एटीएम चालू मिला। यहां लंबी कतार लगी।हालत यह रही कि दो हजार रुपये के लिए लोगों को दो घंटे से भी अधिक लाइन लगना पड़ा। हालांकि पैसे के लिए लोग दिन भर खुला एटीएम तलाशते रहे। मंगलवार को बैंक खुलेंगे, तो ग्राहकों की भीड़ उमड़ेेगी।
नोटबंदी के इतने दिन बाद भी बैंकों की स्थिति नहीं सुधरी और न ही सभी एटीएम ने काम शुरू किया। शनिवार से सोमवार तक छुट्टी होने के बाद पैसे के लिए पूरी तरह एटीएम पर निर्भरता बढ़ गई। सोमवार को तो जिले के 74 एटीएम में से 73 के शटर गिरे रहे। लोग पैसे निकालने पहुंचे लेकिन कैश नहीं है का बोर्ड देख कर प्रबंधन को कोसते हुए वापस लौटे। इससे लोगों में रोष रहा। नगर में स्थिति यह रही कि नगर के 30 एटीएम में किसी एटीएम से पैसे नहीं मिले।
नगर में एसबीआई की पांच एटीएम शाखाएं, एचडीएफसी की तीन शाखा, बैंक आफ बड़ौदा, केनरा बैंक, बैंक आफ इंडिया, यूनियन बैंक, ओरिएंटल बैक आफ कामर्स, सिंडीकेट बैंक, पीएनबी, यूको बैंक, विजया बैंक सहित अन्य बैंक शाखाओं के एटीएम या तो बंद रहे अथवा शाखा के बाहर कैश नहीं है लिख दिया गया।
इसी तरह चकिया में पांच एटीएम हैं लेकिन किसी का शटर नहीं खुला। सकलडीहा में तो नोटबंदी के बाद से अब तक एटीएम खुला ही नहीं है। धानापुर बाजार में इंडियन ओवरसीज बैंक का एटीएम भी अब तक नहीं खुला है। सैयदराजा, इलिया, चहनियां, दुलहीपुर, पड़ाव सहित पूरे जिले में एटीएम बंद होने से लोग परेशान रहे। मंगलवार को बैंकों पर काफी भीड़ रही।