पीडीडीयू नगर। बादलों की आवाजाही बनी रहने के बावजूद बारिश न होने से लोग उमस भरी गर्मी से परेशान रहे। इस बीच बुधवार को अधिकतम तापमान में दो डिग्री सेल्सियस की बढ़ोत्तरी हुई, जबकि न्यूनतम तापमान में एक डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई। बुधवार को अधिकतम तापमान 38 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि मंगलवार को अधिकतम तापमान 36 डिग्री सेल्सियस था।
इसी तरह से बुधवार को न्यूनतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि मंगलवार को न्यूनतम तापमान 29 डिग्री सेल्सियस था। उधर, जिले में बारिश न होने से लोग उमस भरी गर्मी से परेशान हैं। हालांकि बादल छाए तो रह रहे हैं, लेकिन बिना बरसे निकल जा रहे हैं। दिन में पुरवा हवा चलने से उमस के कारण लोग परेशान रहे। उधर, किसान धान की नर्सरी डालने के लिए बारिश के इंतजार में टकटकी लगाए हुए हैं। अभी कई जगह नहरों में पानी नहीं पहुंचा है। वहां किसान धान की नर्सरी डालने के लिए बारिश का इंतजार कर रहे हैं। राज्य कृषि व मौसम विभाग के प्रभारी अतुल कुमार सिंह का कहना है कि चंदौली में आने वाले चार दिनों तक गरज-चमक और तेज हवा के साथ कहीं-कहीं हल्की बारिश हो सकती है। इसके बाद गर्मी बढ़नी शुरू हो जाएगी।