पीडीडीयू नगर। प्राइवेट स्कूलों में शिक्षकों की भर्ती में मनमानी रोकने के लिए शिक्षा विभाग ने नई योजना तैयार की है। इसके लिए जिला शिक्षा प्रशिक्षण संस्थान में डीएलएड के अंतिम सेमेस्टर की परीक्षा के परिणाम आने के बाद रोजगार मेला लगाया जाएगा। इसमें निजी स्कूल संचालक शिक्षकों का इंटरव्यू लेकर भर्ती करेंगे।
अब कोई भी अपनी मर्जी से शिक्षक की नियुक्ति नहीं करेगा। इसके पीछे मंशा डीएलएड प्रशिक्षित बेरोजगारों को रोजगार से जोड़ना है। जिले में 45 डीएलएड कॉलेज संचालित हैं। यहां हर साल करीब 600 युवा डीएलएड का प्रशिक्षण पूरा करके निकलते हैं। इसके बाद युवक टीईटी, सुपर टेट का इंतजार करते हैं। उसके बाद बद खाली होने पर उन्हें नौकरी मिल पाती है। इन प्रशिक्षित बेरोजगारों को सरकार निजी स्कूलों में रोजगार से जोड़कर बेहतर शिक्षा दिलाने की तैयारी कर रही है। जिले भर में छोटे बड़े कुल 581 निजी स्कूल संचालित हैं। इन स्कूलों में शिक्षकों की कमी की भरपाई के लिए रोजगार मेले का आयोजन किया जाएगा। यहां निजी स्कूल संचालक इंटरव्यू लेकर शिक्षकों का चयन करेंगे। डायट प्राचार्य विकायल भारती का कहना है कि डीएलएड प्रशिक्षित युवाओं के चयन से शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार होगा और अर्हता रखने वालों को रोजगार मिलेगा। अंतिम सेमेस्टर पूरा होने के बाद डायट में रोजगार मेले का आयोजन किया जाएगा। मेले में डीएलएड उत्तीर्ण युवाओं को स्कूलों के प्रतिनिधि शिक्षक पद पर चयन करेंगे।