मुख्यालय पर रास्ते में रोककर डीएम से वार्ता करते अधिवक्ता। संवाद
चंदौली। सदर कोतवाली क्षेत्र के शेर सिंह गांव निवासी अधिवक्ता कमला यादव की गोली मारकर हत्या से नाराज वकीलों ने शुक्रवार को कार्यालय जाते समय जिलाधिकारी चंद्र मोहन गर्ग के वाहन को बीच रास्ते में रोककर विरोध जताया।
इस दौरान अधिवक्ताओं ने मृतक अधिवक्ता के भाई से चल रहे जमीन विवाद और एसडीएम कोर्ट से निस्तारण न होने का मुद्दा उठाया। अधिवक्ताओं ने इसे घटना के लिए अहम कारण बताते हुए जल्द से जल्द निस्तारण की मांग की। चेताया कि यदि जमीन विवाद का निस्तारण नहीं हुआ तो आंदोलन के लिए विवश होंगे।
बताते हैं कि सदर कोतवाली के सिरसी गांव निवासी अधिवक्ता कमला यादव को उनके भाई सेवानिवृत दारोगा दंगल यादव ने बृहस्पतिवार को गोली मारकर हत्या कर दी। घटना के बाद वकीलों में गुस्सा है। अधिवक्ताओं ने शुक्रवार को एसपी से मिलकर आरोपी के गिरफ्तारी की मांग की ।
इस दौरान अधिवक्ताओं ने घटना के पीछे जमीन विवाद को प्रमुख कारण बताते हुए आरोप लगाया कि मामला एसडीएम कोर्ट में काफी दिनों से लंबित है। यदि समस्या का निस्तारण हो गया होता तो शायद इस प्रकार की घटना नहीं होती। इस दौरान राकेश रतन तिवारी, संदीप यादव, अनिल कुमार सिंह, शहाबुद्दीन राजेश सिंह, सुल्तान अहमद, पंकज सिंह उज्जवल सिंह, शैलेंद्र प्रताप सिंह उपस्थित रहे।