चकिया। स्थानीय तहसील सभागार में आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस में दसवीं बार मूसाखाड़ बांध के 99 काश्तकारों के विस्थापन का मामला उठाया गया। इस पर एक बार फिर जिलाधिकारी निखिल टीकाराम फुंडे ने समाधान का आश्वासन दिया। समाधान दिवस में भूमि विवाद, पेंशन और आवास की समस्याओं की अधिकता रही। जिला स्तरीय समाधान दिवस में सौ प्रार्थना पत्रों में सात का समाधान किया गया।
जिला स्तरीय समाधान दिवस में मूसाखाड के नामवर बाबा ने 10वीं बार समाधान दिवस में 99 काश्तकारों का मूसाखाड बांध विस्थापित मामला के संबंध में प्रार्थना पत्र सौंपा। इस पर डीएम ने जांच कर कार्रवाई का निर्देश दिया। इसी तरह राइट पथरहवा में पानी छोड़ने के मामले में किसान शिवसागर विनोद ने पत्र दिया, तियरी पूर्व प्रधान और प्रधान की ओर से हैंडपंप रिबोर के नाम पर पैसा निकालने के मामले में अमित कुमार ने पत्र सौंपा। वहीं नेवाजगंज निवासी चंद्रकला देवी ने हल्का लेखपाल के गलत रिपोर्ट देने का पत्र सौंपा। साडी मुरकवल के दीनानाथ गोंड ने मुरकवल नहर पर अतिक्रमण के मामले में पत्र सौंपा।
इंद्रपुरवा गांव निवासी शीला देवी ने 3 वर्ष से प्रधानमंत्री आवास की दूसरी किस्त न मिलने के मामले में पत्र देकर गुहार लगाई। सिकंदरपुर के दिव्यांग रामदयाल प्रजापति ने आर्थिक मजबूरी के कारण आवास दिलाने के लिए डीएम को पत्र सौंप कर मांग की। इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी एसएन श्रीवास्तव, एसडीएम कुंदन राज कपूर, तहसीलदार सुरेशचंद्र, सीओ आशुतोष तिवारी, एक्सईएन विनोद चौधरी, एसडीओ अमित त्रिपाठी आदि मौजूद रहे। सकलडीहा संवाददाता के अनुसार एसडीएम अनुपम मिश्र के नेतृत्व में आयोजित समाधान दिवस में 90 प्रार्थना पत्रों में नौ का समाधान किया गया। इस मौके पर सीओ रघुराज, तहसीलदार अखिलेश कुमार गुप्ता, पूर्ति निरीक्षक अमित द्विवेदी, बीईओ अवधेश राय, सीडीपीओ अवधेश सिंह आदि रहे।
चंदौली संवाददाता के अनुसार सदर तहसील के सभागार में ज्वाइंट मजिस्ट्रेट हर्षित सिंह के नेतृत्व में आयोजित समाधान दिवस में 31 प्रार्थना पत्रों में दो का समाधान किया गया। इस दौरान नायब तहसीलदार अंजली वर्मा, बीडीओ रक्षिता सिंह, सीओ राजेश राय, अजित सिंह, चित्रसेन यादव, दिनेश शुक्ला, जेई सुनील कुमार, ईओ दिनेश कुमार, एसआई अमित मिश्रा उपस्थित रहे। नियामताबाद संवाददाता के अनुसार पीडीडीयू नगर तहसील में सीडीओ एसएन श्रीवास्तव की देख रेख में आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस में 58 प्रार्थना पत्रों में पांच का समाधान किया गया। इस मौके पर एसडीएम विराग पांडेय, एएसपी विनय कुमार सिंह, सीओ अनिरुद्ध सिंह, तहसीलदार सतीश कुमार, नायब तहसीलदार नीरज चतुर्वेदी, बीडीओ शरदचंद्र शुक्ला आदि मौजूद रहे।