पड़ाव। रामनगर-पड़ाव मार्ग पर कटेसर गांव के पास बृहस्पतिवार को काम पर जा रहे मजदूर को मालवाहन ने टक्कर मार दी, जिससे उसकी मौत हो गई। दुर्घटना के बाद वाहन लेकर चालक फरार हो गया। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वहीं, मजदूर की मौत से परिवार में कोहराम मच गया। पत्नी और तीन बच्चों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा।
मुगलसराय कोतवाली क्षेत्र के कटेसर गांव निवासी विनोद यादव (32) रामनगर में पल्लेदारी और मजदूरी का काम करता था। बृहस्पतिवार को सुबह पांच बजे वह काम पर जा रहा था। कटेसर स्थित भूसा मंडी के पास सड़क पार करते समय पड़ाव की तरफ से आ रहे तेज रफ्तार मालवाहक वाहन ने उसे टक्कर मार दी। हादसे के बाद वाहन लेकर चालक भाग गया। वहीं, विनोद खून से लथपथ विनोद सड़क पर तड़पता रहा। घटना की सूचना मिलते ही जलीलपुर पुलिस मौके पर पहुंची और उसे वाराणसी ट्रामा सेंटर ले जाने लगी। इस दौरान रास्ते में उसकी मौत हो गई। विनोद की मौत की सूचना से परिवार में कोहराम मच गया। पत्नी बच्चों और परिवार के सदस्यों का रो-रोकर बुरा हाल हो था। इसके बाद पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।