त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के तहत ग्राम प्रधान और ग्राम पंचायत सदस्य पदों के लिए चौथे और अंतिम चरण में धानापुर और चहनियां ब्लाक में चुनाव प्रचार सोमवार की शाम पांच बजे थम गया। दोनों विकास खंडों के 175 ग्राम पंचायतों में नौ दिसंबर को मतदान होगा। सोमवार को कलेक्ट्रेट में जिलाधिकारी सुरेंद्र विक्रम ने बताया कि दोनों ब्लाकों में प्रचार-प्रसार का कार्य रोक दिया गया है। जिलाधिकारी ने बताया कि धानापुर ब्लाक में एक लाख 66 हजार 343 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। यहां ग्राम प्रधान के 84 पदों पर चुनाव होने हैं, इसके लिए यहां 586 प्रत्याशी मैदान में हैं। मतदान के लिए 109 मतदान केंद्र बनाए गए हैं। इसमें 63 संवेदनशील, 39 अतिसंवेदनशील और सात केंद्र अतिसंवेदनशील प्लस चिह्नित किए गए हैं। जबकि विकास खंड में ग्राम पंचायत सदस्य पद के 432 पदों पर भी वोट डाले जाएंगे। यहां 734 ग्राम पंचायत सदस्य निर्विरोध निर्वाचित हो चुके हैं। ब्लाक क्षेत्र को तेरह सेक्टर और दो जोन में बांटा गया है।
चहनियां ब्लाक में ग्राम प्रधान के 91 पदों के लिए एक लाख 55 हजार 98 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। प्रधान पद के लिए यहां 593 प्रत्याशी मैदान में हैं। यहां कुल 98 मतदान केंद्रों में से 38 संवेदनशील, 54 अतिसंवेदनशील और छह केंद्र अति संवेदनशील प्लस हैं। ग्राम पंचायत सदस्य के 425 पदों के लिए वोट पड़ेंगे, जबकि 794 सदस्य निर्विरोध निर्वाचित हो चुके हैं। बताया कि बिहार और गाजीपुर जिले के लने वाली सीमा को सील कर दिया गया है। जिलाधिकारी ने बताया कि निर्वाचन आयोग ने मतगणना के समय में परिवर्तन कर दिया है। पहले 13 दिसंबर को आठ बजे से मतगणना होनी थी, जबकि नए कार्यक्रम के तहत अब सुबह सात बजे से मतगणना की समाप्ति तक गणना का कार्य किया जाएगा।