स्थानीय रामलीला चबूतरा पर सोमवार से नौ दिवसीय रामलीला मंचन का शुभारंभ हुआ। इसमें नेपाल के जनकपुर से आए कलाकार विभिन्न धार्मिक प्रसंगों का मंचन कर रहे हैं। पहले दिन नारद मोह की लीला प्रस्तुत की गई। कलाकारों ने अपने अभिनय और संवादों के माध्यम से प्रसंग का सजीव चित्रण किया, जिसे देखकर दर्शक भावविभोर हो उठे।
रामलीला देखने के लिए शाम से ही लोगों की भीड़ जुटने लगी थी। कलाकारों की प्रस्तुति पर दर्शकों ने तालियां बजाकर उत्साहवर्धन किया। नौ दिनों तक चलने वाले इस आयोजन में प्रतिदिन रामायण से जुड़े विभिन्न प्रसंगों का मंचन किया जाएगा। रामलीला के माध्यम से लोगों को भगवान श्रीराम के आदर्शों, मर्यादा, त्याग और धर्म के मार्ग पर चलने का संदेश दिया जा रहा है। इस दौरान गुलशन सेठ, वेदप्रकाश दुबे, अर्जुन रस्तोगी, अरुण दुबे, सत्यम वस्त्रालय के गोलू मोदनवाल और अर्जुन सेठ सहित अन्य लोग मौजूद रहे।