सकलडीहा ब्लॉक के धरहरा में वर्ष 2019-20 से चंदौली के पहले स्टेडियम बनाने की कवायद चल रही है। कुछ तकनीकी कारणों से स्टेडियम का निर्माण रुक गया था।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के सभी जिले में एक बड़ा व ब्लॉक में मिनी स्टेडियम का निर्माण करने की घोषणा के बाद धरहरा में स्टेडियम बनने का रास्ता साफ हो गया है।
इसके लिए कार्यदायी संस्था की ओर से संशोधित कर बनाई गई 23.86 करोड़ की कार्ययोजना को शासन की मंजूरी मिल गई है। साथ ही पांच करोड़ रुपये भी अवमुक्त कर दिए गए हैं। कार्यदाश संस्था शीघ्र टेंडर की प्रक्रिया पूरी कर निर्माण कार्य आरंभ कराएगा।
वर्ष 2019-20 से स्टेडियम के निर्माण के लिए 25 करोड़ रुपये का प्रस्ताव तैयार कर शासन को भेजा गया था। इसमें कटौती करते हुए 23 करोड़ रुपये के बजट को मंजूरी मिली थी।
इसी वर्ष फरवरी माह में पहली किस्त के तौर पर पांच करोड़ रुपये जारी कर दिए गय थे लेकिन लोकसभा चुनाव को लेकर अचार संहिता लागू होने के कारण काम शुरू नहीं हो पाया था।
स्टेडियम का निर्माण उत्तर प्रदेश निर्माण निगम को करना है। अधिक देर होने के कारण निर्माण की लागत बढ़ी तो एक बार फिर 24 करोड़ रुपये का प्रस्ताव भेजा गया लेकिन प्रस्ताव को मंजूरी नहीं मिली।
इस वर्ष के अंत में करीब 25 करोड़ रुपये योजना तीसरी बार भेजी गई जिसमें 23.86 करोड़ रुपये पास कर दिए गए हैं। वहीं पहले आए पांच करोड़ रुपये निर्माण निगम के पास हैं जिनसे कार्य आरंभ कराया जाएगा।
स्टेडियम के लिए पहले मिट्टी भराई व बाऊंड्रीवॉल का निर्माण किया जाएगा। कार्य आरंभ कराने के लिए निर्माण निगम 15 दिसंबर तक टेंडर की प्रक्रिया पूरी कर लेगा।
खिलाड़ियों को मिलेंगी ये आधुनिक सुविधाएं
धरहरा गांव में प्रस्तावित स्पोर्ट्स स्टेडियम (खेल अकादमी सहित) में खिलाड़ियों के लिए कई आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध होंगी। इन प्रस्तावित सुविधाओं में एथलेटिक ट्रैक, फुटबॉल ग्राउंड, वॉलीबॉल ग्राउंड, कबड्डी ग्राउंड, पैवेलियन (दर्शक दीर्घा) व बहुउद्देशीय हॉल शामिल हैं। जिले के कई गांवों के युवा पुलिस व सेना भर्ती की तैयारी करते हैं। उनके लिए यहां बनने वाला एथलेटिक ट्रैक काफी महत्वपूर्ण होगा। वहीं अन्य स्पर्धाओं के खिलाड़ियों को भी आधुनिक सुविधाएं मिलेंगी।
बढ़ी हुई निर्माण सामग्री की कीमतों के आधार पर प्रस्ताव बनाकर कार्यदायी संस्था की ओर से शासन को भेजा गया था जिसे मंजूरी मिल गई है। शीघ्र टेंडर की प्रक्रिया पूरी कर स्टेडियम का निर्माण आरंभ किया जाएगा।
-कर्मवीर सिंह, जिला क्रीड़ा अधिकारी, चंदौली।