चकिया तिराहे पर कोहरे के बीच लाइट जलाकर चलते वाहन। संवाद
पहाड़ी व उत्तरी क्षेत्र से आ रही बर्फीली हवा के प्रभाव से जिले में ठंड का प्रकोप लगातार बढ़ता जा रहा है। सोमवार को घने कोहरे की चादर ने पूरे जिले को अपनी गिरफ्त में ले लिया। सुबह सात बजे तक दृश्यता मात्र पांच मीटर रही।
दोपहर 12 बजे के बाद कोहरा कम हुआ और सूर्य के दर्शन भी हुए लेकिन ठंडी हवाओं के असर से धूप बेदम रही। शाम के बाद फिर से कोहरा छाने लगा था।
घने कोहरे का सबसे ज्यादा असर राष्ट्रीय राजमार्गों और प्रमुख सड़कों पर देखने को मिला। हाईवे पर हादसों से बचने के लिए वाहन चालक कतार में बेहद धीमी गति से हेडलाइट जलाकर चलते नजर आए।
कई स्थानों पर चालकों ने एहतियातन अपने वाहन सड़क किनारे रोक दिए। कोहरे के कारण सुबह के समय स्कूल, दफ्तर और अन्य जरूरी कामों से निकलने वाले लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। स्कूल जाने वाले छोटे बच्चों की संख्या काफी कम रही।
इनसेट.....
ठंड से बचने के लिए अलाव बना सहारा
राजदरी। वनांचल क्षेत्र में बढ़ती ठंड ने आम जनजीवन को पूरी तरह प्रभावित कर दिया है। सुबह से दिनभर घना कोहरा छाया रहा जिससे लोगों को परेशानी उठानी पड़ी। वनांचल और ग्रामीण इलाकों में दृश्यता बेहद कम रही। ठंड के कारण लोग अपने घरों से निकलने से बचते नजर आए। ठंड बढ़ने के बावजूद अब तक कई गांवों में अलाव की पर्याप्त व्यवस्था नहीं हो सकी है। ग्रामीणों ने प्रशासन से कंबल वितरण और सार्वजनिक स्थलों पर अलाव की संख्या बढ़ाने की मांग की है।
कोट.......
एक वर्तमान पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से प्रदेश के चंदौली सहित अन्य स्थानों में शीत दिवस की स्थिति बनी हुई है। यह विक्षोभ सक्रिय रूप से पश्चिमी हिमालयीय क्षेत्रों व परोक्ष रूप से प्रदेश समेत उत्तरी भारत के मैदानी इलाकों को प्रभावित कर रहा है। -अतुल कुमार सिंह, प्रभारी, राज्य कृषि व मौसम विभाग।