संवाद न्यूज एजेंसी पीडीडीयू नगर/कंदवा। जिले में लगातार तीसरे दिन सोमवार सुबह भी जिला कोहरे की चादर में ढंका रहा। विशेषकर तराई और ग्रामीण इलाकों में कोहरे का घनत्व ज्यादा रहा। कोहरे के कारण एक्यूआई भी रविवार के 184 अंक से 31 घटकर 153 पर पहुंच गया। दृश्यता 10 मीटर से कम होने के कारण वाहन चालकों को परेशानी हुई।
लगातार बढ़ रही ठंड से तापमान में भी गिरावट दर्ज की जा रही है। सोमवार को न्यूनतम तापमान रविवार के नौ से घटकर आठ डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जबकि अधिकतम तापमान 23 डिग्री सेल्सियस के स्तर पर बना रहा। अब तक मौसम सामान्य बना रहा। सबसे पहले शनिवार को कोहरे का असर देखने को मिला जो सोमवार को ज्यादा बढ़ गया।
भोर से ही हर ओर कोहरा छाया रहा। लोग सोकर उठे और जब बाहर निकले तो कोहरे की चादर नजर आई। ऐसे में जरूरी काम से भी लोगों की बाहर निकलने की हिम्मत नहीं पड़ी। स्कूली बच्चों को भी स्कूल जाने में परेशानी हुई। खास कर छोटे बच्चों को।
वहीं घने कोहरे का यातायात पर असर देखने को मिला। काफी जोखिम के साथ वाहन चलाना पड़ा। हाईवे सहित सैयदराजा-जमानिया एनएच पर भी धीमी गति में वाहन चल रहे थे।