नौगढ़ में आरक्षित वन क्षेत्र में बने पक्के मकान को धवस्त करते वन विभाग के कर्मचारी।
- फोटो : CHANDAULI
नौगढ़। वन विभाग के जयमोहनी रेंज के गोड़टुटवा-मूसाखाड् कंपार्टमेंट नंबर 25 में आरक्षित वन क्षेत्र में चोरी छिपे पक्के निर्माण को वन विभाग की टीम ने बृहस्पतिवार को ध्वस्त कर दिया। इस मामले में वन विभाग ने वन अधिनियम के तहत दो लोगों के खिलाफ मुकदमा भी दर्ज कराया है। पक्के निर्माण को ध्वस्त करने पहुंचे वनकर्मियों को पहले विरोध का सामना करना पड़ा मगर काफी संख्या में वनकर्मी मौजूद होने के कारण विरोध करने वाले पीछे हट गए। यह कार्रवाई काशी वन्य जीव प्रभाग रामनगर के प्रभागीय वनाधिकारी महावीर कौजलगी के निर्देश पर हुई है।
बृहस्पतिवार की दोपहर में वन विभाग को आरक्षित वन क्षेत्र में पक्के निर्माण की सूचना मिली थी। इसके बाद वन क्षेत्राधिकारी नदीम अहमद के नेतृत्व में नौगढ़ रेंज और मझगाई रेंज के वन विभाग की टीम जयमोहनी रेंज के गोड़टुटवा-मूसाखाड् कंपार्टमेंट नंबर 25 में पहुंची। वहां आरक्षित वन क्षेत्र में कमलेश यादव व अन्य लाक डाउन के दौरान चोरी छिपे निर्माण करा रहे थे। वनकर्मियों ने बनाए गए पक्के मकानों को तोड़कर गिराना शुरू किया, इस दौरान कुछ लोगों ने विरोध करने का प्रयास किया लेकिन वन विभाग की भारी-भरकम फौज को देखकर विरोध करने का साहस नहीं जुटा पाए। वन विभाग ने दीवार के साथ सीमेंटेड बीम को भी तोड़ दिया। साथ ही आरक्षित वन क्षेत्र में निर्माणा कराए जाने पर वन विभाग ने वन अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कराया है। इस मौके पर डिप्टी रेंजर इमरान खान, वन दरोगा राम चरित्र, वन दरोगा ओंकार नाथ शुक्ला, मनीष गुप्ता, महेंद्र चौहान,राजाराम पाल, संदीप सहित अन्य वन कर्मचारी मौजूद रहे।