चंदौली के पीडीडीयू नगर में मिला मनोज का शव। मनोज पंडित, (फाइलफोटो)। चंदौली के पीडीडीयू नगर में मिल?
- फोटो : CHANDAULI
पीडीडीयू नगर। मुगलसराय कोतवाली क्षेत्र के रोजा कॉलोनी स्थित नाले में शनिवार की सुबह युवक का शव मिलने से हड़कंप मच गया। सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को नाले से निकलवाया। इसके बाद आवश्यक कार्रवाई कर उसे पोस्टमार्टम के लिए जिला चिकित्सालय भेज दिया। आशंका जताई जा रही है कि दो दिन पूर्व हत्या कर शव को लाकर फेंक दिया गया होगा। युवक के जेब से मिले आधार कार्ड के जरिए पता चला कि वह पश्चिम दिल्ली का रहने वाला है। इसी आधार पर कोतवाली पुलिस उसके घर तक पहुंचने की कोशिश कर रही है।
मुग़लसराय कोतवाली क्षेत्र के रोजा कालोनी में हर रोज की तरह कुछ रेलकर्मी शनिवार की सुबह टहल रहे थे। इस दौरान किसी की नजर नाले में पड़े शव पर पड़ी । नाले में शव के पास खून देखकर लोग सहम गए । इसके बाद लोगों ने इसकी सूचना पुलिस को दी । सूचना मिलते ही कोतवाली प्रभारी निरीक्षक शिवानंद मिश्रा मौके पर पहुंच गए । बाद में पुलिस ने शव को किसी प्रकार नाले से बाहर निकलवाया। मृतक के शरीर पर कई जगह चोट के निशान थे। इस दौरान उसकी पैंट की जेब की तलाशी लिए जाने पर आधार कार्ड, पेन कार्ड व वोटर आईडी मिला। आधार कार्ड पर युवक का नाम मनोज पंडित लिखा हुआ था वहीं पता दिल्ली का दर्ज था। इसके बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई के बाद उसे पोस्टमार्टम के लिए जिला चिकित्सालय भेज दिया। इस संबंध में सीओ सदर कुंवर प्रभात सिंह ने बताया कि मृतक की पैंट की जेब से मिले दस्तावेजों के आधार पर उसके परिवार से संपर्क करने का प्रयास किया जा रहा है। वहीं पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का पता पाएगा।