पीडीडीयू नगर। तीन दिन से गंगा के जल स्तर में कमी आ रही है। जल स्तर में कमी आने से तटवर्ती इलाकों के लोगों को राहत मिली है लेकिन इसके साथ ही कटान का खतरा बढ़ गया है। क्षेत्रीय लोगों का कहना है कि जैसे-जैसे पानी कम होगा, कटान तेज होगा।
गंगा के जल स्तर में बढ़ोतरी का सिलसिला रविवार से थम गया है। इसके बाद से लगातार पानी कम हो रहा है। केंद्रीय जल आयोग के अनुसार मंगलवार की शाम छह बजे तक गंगा का जल स्तर 69.24 मीटर पर रहा। जो सोमवार की दोपहर दो बजे तक 69.84 मीटर से 60 सेमी कम है। जल स्तर हर घंटे 3 सेमी कम हो रहा है। इससे तटवर्ती गांवों के लोगों ने राहत मिली है। जिले में गंगा का चेतावनी बिंदु 70.262 मीटर है। रविवार को चेतावनी बिंदु तक पानी पहुंच गया था लेकिन रात से पानी घटने लगा। इसके साथ ही कटान की समस्या बढ़ गई है। चहनिया क्षेत्र में गंगा के तटवर्ती भूपौली, डेरवा, महड़ौरा, कांवर, महुअरिया, पकड़ी, विशुपुर, महुआरी खास, सराय, बलुआ, डेरवा कला, महुअर कला, हरधन जुड़ा, विजयी के पूरा, गणेश के पूरा, सोनबरसा, टांडाकला, महमदपुर, सरौली, जमालपुर, बड़गांवा, तीरगांवा, हसनपुर, नादी निधौरा, सैफपुर आदि गांवों में कटान का खतरा बना हुआ है।