जिले के सदलपुरा गांव के समीप गंजख्वाजा-कुछमन मार्ग पर करीब 15 वर्षों से क्षतिग्रस्त पड़ी पुलिया की अब मरम्मत होने वाली है। पीडब्ल्यूडी द्वारा 32.88 लाख रुपये की कार्ययोजना को शासन की मंजूरी मिल गई है। इसके बाद विभाग ने टेंडर प्रक्रिया शुरू कर दी है, और दावा किया है कि आगामी मार्च माह तक टेंडर की प्रक्रिया पूरी कर ली जाएगी। पुलिया के मरम्मत से करीब 25 गांव के लगभग 20,000 लोगों को आवागमन में सुविधा मिलेगी। गंजख्वाजा-कुछमन मार्ग पर सदलपुरा गांव के समीप यह पुलिया ग्रामीणों की आवागमन सुविधा के लिए बनाई गई थी, ताकि वे रेलवे स्टेशन तक आसानी से पहुंच सकें। लेकिन रखरखाव के अभाव में यह पुलिया क्षतिग्रस्त हो गई। स्थिति यह है कि पिछले 15 वर्षों से पुलिया से आवागमन बंद कर दिया गया है। पुलिया की रेलिंग टूटकर गिर चुकी है और रैंप भी क्षतिग्रस्त हो चुका है। इसके आसपास झाड़-झंखाड़ उग आए हैं, जिससे यह पूरी तरह से उपयोग लायक नहीं है। पुलिया बंद होने के कारण राहगीरों और ग्रामीणों को लंबा रास्ता तय कर गंतव्य तक पहुंचना पड़ता है। कई वर्षों से वे पुलिया की मरम्मत की मांग कर रहे थे। उनकी मांग को देखते हुए पीडब्ल्यूडी ने मरम्मत की कार्ययोजना बनाई थी, जिसे अब शासन से मंजूरी मिल गई है।
इनसेट......
इन गांवों के लोगों को मिलेगा फायदा
पुलिया के बन जाने से गंजख्वाजा और कुछमन सहित बसनी, रामपुर, कोरी, चंदौली खुर्द, दयालपुर, सदलपुरा, रेवसा, केशवपुर, संघति सहित अन्य गांव के लोगों को आवागमन में सुविधा मिलेगी। उन्हें लंबा रास्ता तय कर गंतव्य तक पहुंचने की समस्या से छुटकारा मिलेगा।
कोट......
ग्रामीण काफी दिनों से पुलिया के मरम्मत की मांग कर रहे थे। उनकी मांग को देखते हुए पुलिया के मरम्मत की कार्ययोजना तैयार की गई थी, जिसे शासन की मंजूरी मिल गई है। आगामी मार्च माह में टेंडर की प्रक्रिया पूरी कर पुलिया पर मरम्मत कार्य आरंभ करा दिया जाएगा।- राजेश कुमार, एक्सईएन, पीडब्ल्यूडी (प्रांतीय खंड), चंदौली।