पीडीडीयू नगर। दीपावली के बाद जिले में ठंड बढ़ने के साथ जिले की आबोहवा खराब होने लगी है। यही वजह है कुछ इलाकों में रात में कोहरा तो दिन में धुंध छाई रही। बुधवार को सुबह जिले का एक्यूआई (एयर क्वालिटी इंडेक्स) 181 दर्ज किया गया जो सामान्य से काफी ज्यादा है। मौसम विभाग की मानें तो आगामी दिनों में ठंड बढ़ने के साथ एयर क्वालिटी और भी खराब हो सकती है।
सामान्य तौर पर 100 के नीचे एक्यूआई को संतोषजनक माना जाता है। यह जब 100 के ऊपर होता है तो हवा की गुणवत्ता खराब मानी जाती है, जो सेहत के लिए हानिकारक होती है। दीपावली के बाद से जिले में वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) में बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है। प्रदूषण का स्तर मध्यम से खराब की तरफ पहुंच रहा है जिससे लोगों की सेहत पर असर पड़ना तय है। दिवाली पर पटाखे छोड़े जाने के बाद प्रदूषण की मात्रा में बढ़ोत्तरी हुई है। इसके अलावा जिले के नरवन व पहाड़ी इलाकों में रात से सुबह तक कोहरा भी छाने लगा है। कोहरे के साथ वाहनों व अन्य इकाइयों से निकलने वाला धुआं मिलकर एक्यूआई बढ़ा रहे हैं। राज्य कृषि व मौसम विभाग के प्रभारी अतुल कुमार सिंह ने बताया कि सर्दियों के आगमन के साथ ही प्रदूषक तत्व वातावरण में ऊपर उठने की बजाय सतह के करीब रुक जाते हैं। ठंड के कारण हवा की गति धीमी हो जाती है जिससे प्रदूषक हवा में लंबे समय तक बने रहते हैं। इसकी वजह से एक्यूआई बढ़ता है। चंदौली में आगामी दिनों में ठंड व कोहरा बढ़ने के साथ एक्यूआई के बढ़ने की संभावना है। दिसंबर माह के अंत तक यह दो सौ के स्तर को पार कर जाएगा।
इनसेट......
अस्थमा और हृदय रोगी हो जाएं सावधान
प्रदूषण का यह बढ़ता स्तर बच्चों, बुजुर्गों और सांस संबंधी बीमारियों से पीड़ित लोगों के लिए खतरनाक साबित हो सकता है। नगर के हृदय रोग विशेषज्ञ डॉ. प्रदीप गुप्ता का कहना है कि अस्थमा और हृदय रोगियों के लिए यह समय मुश्किल भरा हो सकता है। ऐसे समय में एसी, कूलर या पंखा नहीं चलाना चाहिए। अधिक ठंडे पानी से नहाने व ठंडा पानी पीने से बचना चाहिए। हाई ब्लड प्रेशर और शुगर के मरीजों की दवा की मात्रा में बदलनी पड़ सकती है। उन्होंने कहा कि परेशानी बढ़ने पर चिकित्सक की सलाह से दवा लेनी चाहिए।