बाबा कीनाराम स्वशासी राज्य चिकित्सा महाविद्यालय, चंदौली। स्रोत: फाइल
- फोटो : स्वयं
पहली बार शुरू होगा कैंसर डे केयर सेंटर, मरीजों को मिलेगा इलाज
- बाबा कीनाराम मेडिकल कॉलेज में दो महीने के भीतर सुविधा शुरू करने का दावा
अमरेंद्र पांडेय
पीडीडीयू नगर। जिला बनने के बाद 28 साल बाद भी चंदौली में कैंसर के इलाज की सुविधा नहीं हो पाई है। ऐसे में यहां के हजारों को वाराणसी या दूसरे शहरों में जाना पड़ रहा है। इसको देखते हुए बाबा कीनाराम मेडिकल कॉलेज में जिले का पहला कैंसर डे केयर सेंटर शुरू करने की कवायद चल रही है। दो महीनों के भीतर यह सुविधा शुरू होने की उम्मीद है।
जिला में मेडिकल कॉलेज बनने के बाद स्वास्थ्य सुविधाएं बेहतर होने लगी हैं। डे केयर सेंटर के शुरू होने से कैंसर के मरीजों का इलाज शुरू हो पाएगा। जांच के साथ कीमो थेरेपी भी होगी। मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ. अमित सिंह ने बताया कि कॉलेज में फिलहाल कैंसर की जांचें की जा रही हैं। उन्होंने जांच में संदिग्ध मिलने पर मरीजों को बीएचयू रेफर किया जाता है। डे केयर सेंटर शुरू होने के बाद यहां इलाज की सुविधा उपलब्ध होने लगेगी।
बीएचयू पर निर्भरता घटेगी
डे केयर सेंटर शुरू होने के बाद मरीजों को हर छोटी प्रक्रिया के लिए वाराणसी नहीं जाना पड़ेगा। इससे आर्थिक और शारीरिक दोनों तरह का बोझ कम होगा। मेडिकल कॉलेज के संसाधन और विशेषज्ञ डॉक्टरों की संख्या बढ़ने के साथ जिले में कैंसर के इलाज का दायरा भी बढ़ता जाएगा।
-
कोट
- दो महीने के अंदर कैंसर डे केयर सेंटर की शुरुआत हो जाएगी। इससे मरीजों का इलाज हो सकेगा। अभी तक जांच की सुविधा तो थी लेकिन इलाज नहीं हो पाता था। - डॉ. अमित सिंह, प्राचार्य, बाबा कीनाराम मेडिकल कॉलेज