मोहनिया। भभुआ के वार्ड नंबर 14 में मुराहु शाह के घर पर मंगलवार की देर रात्रि खेल-खेल में तमंचे से गोली चल गई। गोली लगने से घर में एक किशोर की मौत हो गई। पुलिस ने शव को भभुआ स्थित सदर अस्पताल भेज दिया। हादसे के बाद से आरोपी के परिवार वाले फरार हो गए हैं।
सासाराम थाना क्षेत्र के मुन्ना साह का पुत्र गोलू कुमार (13) भभुआ के वार्ड नंबर 14 स्थित अपने ननिहाल में मुराहु साह के घर आया था। घर में तकिए के नीचे कारतूस भरा तमंचा रखा था। खेलने के दौरान बच्चों ने तमंचे को देखा तो उससे खेलने लग गए। इसी बीच तमंचे का ट्रिगर दब गया और तमंचे से निकली गोली गोलू के पेट में लग गई। घटना के बाद गंभीर हाल में उसे परिवार वाले भभुआ स्थित सदर अस्पताल ले गए। जहां उसकी गंभीर स्थिति देख चिकित्सकों ने उसे वाराणसी रेफर कर दिया। वाराणसी ले जाते समय किशोर की मौत हो गई। सूचना पर पहुंची शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया । पुलिस मुराहु साह के घर पहुंची लेकिन उनके परिजन घर छोड़कर फरार हो गए हैं।