पीडीडीयू नगर। अलीनगर थाना के बसनी गांव में मंगलवार की रात बिजली गिरने से 85 भेड़ें मर गईं जबकि 30 झुलस गईं। भेड़ों के पास ही सो रहा भेड़ पालक बालबाल बच गया। बुधवार की सुबह मौके पर पहुंचे अधिकारियों ने मुआवजा दिलाने का आश्वासन दिया।
हलुआ गांव निवासी रामजनम पाल और बसनी गांव निवासी राम अवध पाल भेड़ पालन करते हैं। मंगलवार की रात वे ढाई सौ भेड़ों को चराते हुए बसनी गांव में पहुंचे। रात होने पर खुले मैदान में सो गए। भेड़ें भी उनके पास ही बैठी थीं। इस बीच गरज-चमक के साथ बारिश शुरू हो गई। भेड़ इधर-उधर भागने लगे। इस बीच बिजली गिरग गई। उसकी चपेट में आकर 85 भेड़ें मौके पर ही मर गईं। 30 भेड़ें झुलस गईं। बुधवार की सुबह सूचना पर मौके पर पहुंचे एसडीएम अविनाश कुमार, नायब तहसीलदार नीरज चतुर्वेदी, पशु चिकित्सा अधिकारी राजकुमार यादव आदि मौके पर पहुंचे और मेडिकल मुआयना किया अधिकारियों ने पीड़ित परिवार को मुआवजा दिलाने का आश्वासन दिया।