चंदौली। कमिश्नर दीपक अग्रवाल निरीक्षण के दौरान बहुद्देश्यीय बीज गोदाम की दीवार में सीलन देख भड़क गए। यूपी सिडको के अभियंता को चताया कि सीलन नहीं हटी और गुणवत्ता सही नहीं होने पर पूरी बिल्डिंग गिराकर दुबारा बनानी होगी। इसके पूर्व शासन की ओर से नोडल के रूप में नियुक्त कमिश्नर दीपक अग्रवाल ने मंगलवार को जिले के विभिन्न सरकारी कार्यालयों और निर्माणाधीन परियोजनाओं का निरीक्षण किया। उन्होंने एआरटीओ, डीपीओ कार्यालय में पहुंच अधिकारियों से जानकारी ली। वहीं बहादुरपुर में पानी टंकी के निर्माण को देखा। डीपीओ कार्यालय में दस्तावेजों का रखाव ठीक नहीं होने पर जिला कार्यक्रम अधिकारी नीलम मेहता को कड़ी फटकार लगाई।
मंडलायुक्त दीपक अग्रवाल मंगलवार को सबसे पहले पड़ाव क्षेत्र के बहादुरपुर में राष्ट्रीय पेयजल योजना के तहत 4.19 करोड़ की लागत से निर्मित पांच हजार लीटर क्षमता वाली पानी टंकी का निरीक्षण किया। गांव के अंतिम छोर तक पानी न पहुंचने की शिकायत पर कमिश्नर ने अधिकारियों को जमकर फटकारा। साथ ही पाइप लाइन को दुरुस्त करके हर घर तक पानी पहुंचाने का निर्देश दिया। इसके बाद गंजख्वाजा स्थित एआरटीओ कार्यालय पहुंच अभिलेखों का अवलोकन किया। उन्होंने डग्गामार स्कूली और ओवरलोड वाहनों पर कार्रवाई के निर्देश दिए। साथ ही कार्यालय में आने वाले लोगों के मदद के लिए अलग से हेल्पडेस्क बनाने को कहा। वहीं बिछिया स्थित कृषि विभाग के निर्माणाधीन बीज गोदाम की दीवार में जगह-जगह सीलन देखने को मिली। इस पर गहरी नाराजगी जताते हुए सीलन को जल्द ठीक कराने की हिदायत दी। चेताया कि यदि सीलन ठीक नहीं हुआ तो भवन तोड़कर दुबारा बनानी होगी। जिला कार्यक्रम अधिकारी कार्यालय में निरीक्षण के दौरान आइजीआरएस शिकायतों के समाधान और निर्माणाधीन आंगनबाड़ी केंद्रों के प्रगति की जानकारी ली। वहीं एक ही व्यक्ति की ओर से आंगनबाड़ी कार्यकर्ता के खिलाफ दो बार शिकायत के बावजूद निस्तारण न होने और लाभार्थियों के खाता लिंक की प्रक्रिया लंबित होने पर नाराजगी जताई। निरीक्षण के दौरान डीएम नवनीत सिंह चहल, एसडीएम कुमार हर्ष, विजयनारायण सिंह, डीडीओ पद्मकांत शुक्ला, जिला कृषि अधिकारी राजीव भारती, डीपीओ नीलम मेहता, एआरटीओ डा. दिलीप गुप्ता, विजय प्रकाश, विनय कुमार, पीडी सुशील कुमार, एमपी चौबे मौजूद रहे।
चंदौली। जिले के नोडल के रुप में मंडलायुक्त दीपक अग्रवाल ने मंगलवार को कलेक्ट्रेट में अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। इसमें उन्होंने अधूरे पड़े शौचालयों का निर्माण नहीं कराने वाले प्रधानों और सचिवों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराने का निर्देश दिया। साथ ही अयुष्मान योजना के लाभार्थियों के उपचार के लिए सरकारी अस्पतालों के अलग से वार्ड बनाने के लिए सीएमओ निर्देश दिया। वहीं बेसहारा पशुओं की उचित देखभाल में शिथिलता पाए जाने पर पशु चिकित्साधिकारी डा. एसपी पांडेय को कड़ी फटकार लगाई।
कमिश्नर ने स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने तथा आयुष्मान योजना के लाभार्थियों के उपचार के लिए जिला अस्पताल में अलग से वार्ड बनाने का निर्देश दिया। कहा कि एडीओ पंचायत और नोडल अधिकारी नियमित गांवों का भ्रमण कर शौचालय निर्माण की प्रगति जानें। ग्राम प्रधान और सचिवों को अधूरे शौचालयों का निर्माण पूर्ण कराने के लिए 15 दिनों का समय दिया जाए। इसमें लापरवाही पर मुकदमा दर्ज कराया जाए। उन्होंने बेसहारा पशुओं को अस्थाई आश्रय स्थलों से कठौरी व नेकनामपुर में निर्मित वृहद गोशालाओं में शिफ्ट करने के निर्देश दिए। निर्माणाधीन प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) के तहत लाभार्थियों के खाते में दूसरी किस्त की धनराशि का शीघ्र भुगतान कराएं। बिजली विभाग के अधिकारी गर्मी से पहले जर्जर तार और पोल को ठीक करा ले। डीएम नवनीत सिंह चहल कहा कि सभी अधिकारी गंभीरता पूर्वक कार्य करें। ताकि शासन को मंशा के अनुरुप कार्य को सही ढंग से अंजाम दिया जा सके। इस दौरान एसपी हेमंत कुटियाल, सीएमओ डा. आरके मिश्रा, एडीएम बच्चालाल, कृषि उपनिदेशक विजय सिंह, डीडीओ पद्मकांत शुक्ला, डीआइओएस डा. विनोद कुमार राय, बीएसए भोलेंद्र प्रताप सिंह, डीसी मनरेगा धर्मजीत सिंह, डीसी एनआरएलएम एमपी चौबे, समाज कल्याण अधिकारी आरके सिंह, जिला प्रोबेशन अधिकारी इंद्रावती यादव, डीपीआरओ ब्रह्मचारी दुबे मौजूद रहे।