दुलहीपुर। पुरैनी गांव के तालाब में बृहस्पतिवार को देर रात रामदरश (43) पत्नी के साथ दुलहीपुर से दवा लेकर आते समय अंधेरा होने के कारण पाल बस्ती के समीपतालाब में गिरकर डूब गए थे। प्रशासन व ग्रामीण दो दिन से काटा व बांस के माध्यम से जलकुंभी हटाकर तलाश करते रहे। पुलिस ने जेसीबी मशीन मंगाकर जलकुंभी व घास साफ कराकर गोताखोरों को बुलवाया। शनिवार की सुबह 7 गोताखोरों के अथक प्रयास से तीसरे दिन रामदरश का शव तालाब में जाल डालने के बाद बरामद हुआ।
मुगलसराय कोतवाली क्षेत्र के बगही गांव निवासी बरसाती के चार बेटों में से दूसरे नंबर के रामदरश (43) बृहस्पतिवार की देर रात दुलहीपुर से पत्नी विंध्याचली के साथ दवा लेकर आते समय अंधेरा होने के कारण पाल बस्ती के समीप पुरैनी गांव के गहरे तालाब में गिरकर डूब गए थे। आसपास के युवकों ने तालाब की तरफ जाते देख उन्हें बचाने की कोशिश की, लेकिन कोशिश नाकामयाब होने पर परिजनों को अवगत कराया। जानकारी मिलते ही परिवार के साथ ही आसपास के लोग वहां पहुंच गए और तालाब से जलकुंभी व घास हटाकर तलाश शुरू कर 112 नंबर पर पुलिस को सूचना दी। सूचना पर एसडीएम आलोक कुमार व सीओ पीडीडीयू नगर आशुतोष के साथ ही अलीनगर थाने की पुलिस ने शुक्रवार को नगर पालिका की जेसीबी मशीन से तलाश कराई। इसके अलावा एसडीआरएफ की टीम भी आठ घंटे तक तलाश करती रही। शनिवार को आधा दर्जन गोताखोरों तालाब में जाल डालकर एक तरफ से तलाश शुरू की। इस बीच तालाब के पूर्वी छोर पर सुबह 10:10 बजे रामदरश का शव बरामद हुआ। परिजनों के मुताबिक रामदरश से तीन बेटियां पूजा (14 ), राधा (12) , निशा (07) और एक बेटा किशन (05) हैं। परिवार में सभी का रो-रोकर बुरा हाल है। इस संबंध में पीडीडीयू नगर के एसडीएम आलोक कुमार ने बताया कि परिवार गरीब है। परिवार का हर संभव सहयोग किया जाएगा। अलीनगर थाना प्रभारी विनोद कुमार मिश्रा ने बताया कि शनिवार को सुबह करीब 10:10 बजे शव बरामद किया गया है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।