सैयदराजा। हलुआ गांव में शनिवार की दोपहर कमरे में आनंद जायसवाल (30) का शव पंखे से लटकता मिला। वे किराने का दुकान चलाते थे। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
हलुआ निवासी आनंद जायसवाल के पिता की मौत हो चुकी है। तीन भाइयों में सबसे छोटे आनंद अपनी मां मीरा देवी के साथ रहते थे। उनकी शादी नही हुई थी। वे गांव में ही किराने की दुकान चलाते थे। दुकान सुबह 8 बजे से 11 बजे और दोपहर 3 बजे से देर शाम तक खोलते थे। शनिवार की दोपहर में वे दुकान बंद कर घर पहुंचे और खाना खाकर कमरे में चले गए। अपराह्न तीन बजे दुकान खोलने के लिए वे नहीं उठे तो मां मीरा ने उनके कमरे के बाहर पहुंच कर आवाज लगाई, लेकिन जवाब नहीं मिला। इस उन्होंने शोर मचाया। शोर सुनकर आसपास के लोग भी पहुंच गए। शक होने पर दरवाजा तोड़कर लोग अंदर पहुंचे तो आनंद का शव नायलान की रस्सी के फंदे के सहारे लटक रहा था। सैयदराजा थानाध्यक्ष बिंदेश्वरी पांडेय ने बताया की युवक की मौत के मामले की जांच की जा रही है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।