सैयदराजा। सैयदराजा-जमानिया मार्ग पर स्थित एक बगीचे में मंगलवार की सुबह एक पेड़ की डाल पर फंदे से लटकता हुआ 50 वर्षीय महिला का शव मिला। उसकी शिनाख्त नहीं हो सकी है। पुलिस ने शव को जिला अस्पताल में रखवा दिया है।
सैयदराजा-जमानिया मार्ग पर रेलवे क्राॅसिंग पर फ्लाईओवर बनने के बाद रेलवेक्राॅसिंग बंद कर दिया गया है। क्राॅसिंग की तरफ कोई आता-जाता नहीं है। यहां बगीचा है। मंगलवार की सुबह लोग बगीचे में टहलने के लिए गए थे। यहां एक पेड़ की डाल में कपड़े का फंदा बनाकर उससे महिला का शव लटकता हुआ दिखा। लोगों की सूचना पर पुलिस पहुंची और शव को नीचे उतारा। पुलिस ने आसपास के लोगों से महिला की शिनाख्त कराने की कोशिश की, लेकिन पहचान नहीं हो सकी। महिला की हत्या कर शव लटकाए जाने की आशंका जताई गई। थानाध्यक्ष विंदेश्वरी प्रसाद पांडेय ने बताया कि महिला की शिनाख्त नहीं हो सकी है। महिला की फोटो आसपास के थानों में भेजी गई है। शव को जिला अस्पताल में रखवाया गया है। 72 घंटे बाद पोस्टमार्टम कराया जाएगा। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने पर ही महिला की मौत के कारणों का पता चल सकेगा।