शहाबगंज के नसोपुर गांव में पिछड़ा, दलित एवं अल्पसंख्यक जन जागरण कार्यक्रम में बोलते पूर्व सांसद
शहाबगंज विकास खंड की ग्राम सभा सुल्तानपुर स्थित नसोपुर गांव में शनिवार की शाम समाजवादी पार्टी के तत्वावधान में पीडीए (पिछड़ा, दलित एवं अल्पसंख्यक) जन जागरण कार्यक्रम एवं सांस्कृतिक समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि चंदौली के पूर्व सपा सांसद रामकिशुन यादव ने केंद्र और प्रदेश सरकार की नीतियों की आलोचना की। महंगाई, बेरोजगारी, किसानों के मुद्दों को प्रमुखता से उठाया। पूर्व सांसद ने कहा कि भाजपा सरकार जनता की मूल समस्याओं के प्रति संवेदनहीन हो चुकी है। प्रदेश में कानून व्यवस्था लगातार बिगड़ रही है और अपराधियों के हौसले बुलंद हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा जनता के मुद्दों से ध्यान हटाने के लिए धार्मिक और जातीय ध्रुवीकरण की राजनीति कर रही है। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी सामाजिक सौहार्द, भाईचारे और संविधान की मूल भावना को मजबूत करने के लिए संघर्षरत है।
उन्होंने मुगलसराय में चल रहे सड़क चौड़ीकरण अभियान का उल्लेख करते हुए कहा कि विकास के नाम पर गरीबों, व्यापारियों और आम नागरिकों का उत्पीड़न किया जा रहा है। बिना समुचित व्यवस्था के लोगों को उजाड़ने का प्रयास किया जा रहा है, जिसे समाजवादी पार्टी स्वीकार नहीं करेगी। उन्होंने कहा कि विकास कार्य जनता के हितों और सहमति को ध्यान में रखकर किए जाने चाहिए। रामकिशुन यादव ने कहा कि रसोई गैस, डीजल और पेट्रोल की बढ़ती कीमतों ने आम लोगों का बजट बिगाड़ दिया है। उन्होंने कहा कि प्रदेश की जनता भाजपा सरकार से निराश है। कार्यक्रम में राॅबर्ट्सगंज के सपा सांसद छोटेलाल खरवार, पूर्व विधायक पूनम सोनकर तथा जितेंद्र कुमार ने भी विचार व्यक्त किए। सांस्कृतिक कार्यक्रम में संतोष यादव एवं मंजू बधुवाला ने अपनी प्रस्तुतियों से लोगों का मनोरंजन किया। इस अवसर पर टोनी खरवार, प्रमोद यादव, रामप्रवेश यादव, सुरेंद्र चौहान, अशोक केशरी, महमूद आलम, रजवंत फौजी, श्यामलाल चौहान, प्रभुदयाल यादव आदि मौजूद रहे। अध्यक्षता मारकंडेय चौहान ने की। संचालन महमूद आलम ने किया।