कलेक्ट्रेट में अधिकारी को पत्रक सौंपते कांग्रेस कार्यकर्ता। स्रोत:-जागरूक पाठक
किसानों की समस्याओं के समाधान के लिए जिला कांग्रेस कमेटी के कार्यकर्ताओं ने शनिवार को कलेक्ट्रेट पहुंच कर नारेबाजी की। राज्यपाल को संबोधित 5 सूत्री ज्ञापन डीएम की अनुपस्थिति में प्रभारी अधिकारी को सौंपा।
समस्याओं का समाधान जल्द न होने पर आंदोलन की चेतावनी दी। इस मौके पर उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के महासचिव व अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के सदस्य देवेंद्र प्रताप सिंह मुन्ना ने कहा कि सरकार की नीतियों से किसानों, मजदूर और युवा परेशान है। भाजपा सरकार केवल नफरत परोस रही है।
आरोप लगाया कि किसानों की जमीन औने-पौने दाम पर छीनी जा रही है। लोगों के घर तोड़े जा रहे हैं, हत्या- बलात्कार की घटनाएं चरम पर हैं। जिलाध्यक्ष अरुण द्विवेदी ने कहा कि भाजपा सरकार किसानों को धान की नर्सरी के लिए नहरों में पानी उपलब्ध नहीं करा पा रही है।
जनपद के सभी पंप कैनाल बंद है। सहकारी समितियों से खाद- बीज गायब है।
बिजली बिल, डीजल, पेट्रोल, रसोई गैस, रोजमर्रा की जरूरत वाली वस्तुओं के दाम बढ़ाकर लोगों का जीवन कष्टकारी बना दिया है। इस दौरान विजय त्रिपाठी, मधु राय, रामानंद यादव, रजनीकांत पांडेय, तौफीक खान, राजेंद्र गौतम, गंगा प्रसाद, मुनीर खान मौजूद रहे।