क्षेत्र के रामपुर गांव में शनिवार की दोपहर एक बजे मतदान केंद्र के दो सौ
मीटर के दायरे में राधा-कृष्ण मंदिर में जुटी भीड़ को हटाने गए रामपुर चौकी
प्रभारी पर ग्रामीणों ने हमला बोल दिया।
इस दौरान हुए पथराव व
मारपीट में गंभीर रूप से जख्मी चौकी प्रभारी ने तालाब में कूद कर जान बचाई।
सूचना पाकर कंदवा, सकलडीहा और धानापुर पुलिस मौके पर पहुंची।
भीड़ को
नियंत्रित करने में पुलिस ने लाठियां भांजीं, जिससे गांव का मुकेश प्रजापति
घायल हो गया। एसडीएम और सीओ ने मौके पर पहुंच कर स्थिति की जानकारी ली।
घायल चौकी इंचार्ज को सकलडीहा सामुदायिक स्वास्थ्य केेंद्र में भर्ती
कराया गया। जहां हालत गंभीर देख डाक्टरों ने जिला अस्पताल भेज दिया।
ग्राम
पंचायत के तीसरे चरण में मतदान के दौरान बूथों से दो सौ मीटर के दायरे
में भीड़ एकत्र न होने देने की हिदायत दी गई थी। बरहनी ब्लाक के रामपुर
गांव में ठीक ठाक मतदान हो रहा था।
इस बीच मतदान केंद्र से दो सौ मीटर की
दायरे में आने वाले राधा कृष्ण मंदिर पर लोग काफी संख्या में बैठकर
मतदाता पर्ची बनाते दिखे।
इस पर रामपुर चौकी इंचार्ज तीर्थराज यादव ने
मौके पर पहुंच कर लोगों को हट जाने को कहा। दोपहर एक बजे तक कई बार कहने के
बाद भी भीड़ मंदिर से नहीं हटी।
इस पर चौकी प्रभारी ने भीड़ को तीतर
बितर करने के लिए बल प्रयोग किया, इससे लोग नाराज हो गए और चौकी प्रभारी
पर हमला बोल दिया।
ग्रामीणों की पिटाई से चौकी प्रभारी की आंखों और गाल
पर सूजन आ गई है। चौकी प्रभारी पर हमले की सूचना मिलते ही पुलिस के साथ
सकलडीहा और धानापुर के एसओ भी पहुंच गए।
हालांकि पुलिस के पहुंचने तक
हमलावर गांव से भाग निकले थे। इस बीच एसडीएम सकलडीहा जवाहरलाल
श्रीवास्तव, सीओ सकलडीहा श्यामदेव बिंद आदि मौके पर पहुंच गए। सीओ ने कहा
कि हमलावरों केे बख्शा नहीं जाएगा। मुकदमा दर्ज कर आवश्यक कार्रवाई की
जाएगी।