शहीद कैप्टन विजय प्रताप सिंह पीजी कालेज आवाजापुर में सेना भर्ती रैली के
अंतिम दिन बुधवार को सोनभद्र जिले के युवाओं ने हिस्सा लिया।
कुल पांच
ट्रेडों में 3335 टोकन बांटे गए, जिसमें 488 युवाओं ने दौड़ में सफलता पाई।
सर्वाधिक 1735 टोकन जीडी ट्रेेड के लिए बांटे गए, जिसमें 312 युवाओं का
चयन किया गया।
बुधवार की सुबह चार बजे से ही भर्ती के लिए टोकन बांटना
आरंभ कर दिया गया था। युवाओं की संख्या कम होने के कारण कोई परेशानी नहीं
हुई।
प्रारंभिक चरण में लंबाई नापी के बाद दौड़ के लिए युवाओं को कतार में
बैठाया गया। जिसमें क्रमश: दो दो सौ युवाओं की टोली को एक ग्रुप में
दौड़ाया गया।
जिसमें कुल मिलाकर 488 अभ्यर्थी दौड़ में सफल रहे। जीडी ट्रेड
के लिए बांटे गए 1735 टोकन में 312 युवा दौड़ में सफल रहे।
इसी प्रकार
ट्रैडमैन के लिए बांटे गए 391 टोकन में 32, क्लर्क के लिए बांटे गए 880
टोकन में से 62 सफल रहे। जबकि टेक्निकल के लिए बांटे गए 199 टोकन मेें से
68 तथा नर्सिंग सहायक के लिए बांटे गए 130 टोकनों में से 14 युवा दौड़ में
कामयाब रहे।
सेना भर्ती कार्यालय के कर्नल विनीत प्रभात ने बताया कि
प्रशासनिक सहयोग से भर्ती रैली पूरी तरह से सफल रही। दौड़ में सफल हुए सभी
अभ्यर्थियों की लिखित परीक्षा 29 नवंबर को सेना भर्ती कार्यालय वाराणसी पर
आयोजित की जाएगी।
अब गुरुवार को सिविल डिफेंस कोर के लिए पूर्वांचल के बारह
जिलों के भूतपूर्व सैनिकों के लिए दौड़ परीक्षा आयोजित की जाएगी। उन्होंने
सफल अभ्यर्थियों को बधाई देते हुए कहा कि वे लिखित परीक्षा में और मेहनत
से तैयारी करके आएं।
साथ ही दौड़ में असफल अभ्यर्थियों को उन्होंने और कड़ी मेहनत करने के लिए प्रोत्साहित किया।