पीडीडीयू नगर। नगर पालिका क्षेत्र के चार वॉर्डों के 10 हजार से ज्यादा लोग दूषित पानी पीने को मजबूर हैं। जल निगम की लापरवाही और पाइपलाइन लीकेज के चलते वार्ड नंबर 16 अलीनगर, वार्ड नंबर 3 नई बस्ती, वार्ड नंबर 5 बिछड़ी और वार्ड नंबर 9 मुगलचक वॉर्ड के 10 हजार से अधिक आबादी दूषित पानी पी रही है। हालात ऐसे हैं कि महीनों तक लीकेज की मरम्मत नहीं कराई जाती, जिसका सीधा खामियाजा आम नागरिकों को भुगतना पड़ रहा है।
नगर पालिका क्षेत्र के अलीनगर, बिछड़ी, मुगलचक सहित कई इलाकों में पेयजल आपूर्ति की पाइपलाइन सीवर और नालियों के बीच से होकर गुजर रही है। हल्का सा लीकेज होते ही गंदा पानी पाइप में मिलकर सीधे घरों तक पहुंच रहा है। लोगों का आरोप है कि शिकायत के बावजूद जल निगम और संबंधित विभागों की ओर से समय पर कोई कार्रवाई नहीं होती।
शिकायत के बाद भी कोई सुनवाई नहीं हुई, मजबूरन स्थानीय लोगों ने खुद मरम्मत कराई। उन्होंने बताया कि सम्मान विद्यालय के पास अभी भी पाइप लीकेज है, जिससे दूषित पानी सप्लाई हो रही है। - शेख कयामुद्दीन,अलीनगर
वार्ड नंबर 5 बिछड़ी में भी स्थिति गंभीर है। कई जगह गंदा पानी घरों तक पहुंच रहा है, जबकि कई स्थानों पर पाइप तो बिछा दी गई है, लेकिन आज तक कनेक्शन नहीं दिया गया। - नीरज पटेल, बिछड़ी
पाइप लीकेज होने पर महीनों तक पानी सड़क या नालियों में बहता रहता है। यहीं से दूषित पानी घरों में पहुंचता है, जिससे लोगों के बीमार होने का खतरा बढ़ गया है।रामविलास यादव, निवासी अलीनगर
पुराने और जर्जर पाइपों के सहारे वर्षों से पेयजल सप्लाई की जा रही है, जो आए दिन लीकेज होती रहती है। इसे ठीक कर स्वच्छ पानी की सप्लाई करनी चाहिए। -सत्येंद्र यादव, मुगलचक
नगर पालिका के जिस भी वार्ड में पानी लीकेज की समस्या आती है, उसे ठीक कराया जाता है। यदि इन वार्डों में भी दिक्कत है तो उसे जल्द ठीक कराया जाएगा। - राजीव मोहन सक्सेना, प्रभारी ईओ, नगर पालिका परिषद