इलिया। चकिया-इलिया मार्ग पर सरैया गांव के पास रविवार की शाम डंपर की चपेट में आने से साइकिल सवार किशोरी अल्का (17) की मौत हो गई। हादसे के बाद चालक और खलासी डंपर छोड़कर भागने लगे तो ग्रामीणों ने दोनों को दौड़कर पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया। वहीं, पुलिस ने किशोरी के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
क्षेत्र के खरौझा गांव की क्षेत्र पंचायत सदस्य शकुंतला देवी की बेटी अल्का सैदुपुर स्थित किसान इंटर कॉलेज में 10वीं में पढ़ती थी। रविवार की शाम चार बजे वह साइकिल से सैदुपुर बाजार गई थी। वहां से घर लौटते समय सरैया गांव के पास पीछे से तेज रफ्तार डंपर ने उसकी साइकिल पर टक्कर मार दी। अल्का सड़क पर गिरी तो डंपर का पिछला पहिया उसे कुचलते हुए आगे निकल गया। इससे उसका शरीर क्षत विक्षत हो गया। इसके बाद चालक और खलासी डंपर छोड़कर भागने लगे लेकिन ग्रामीणों पीछा कर दोनों को पकड़ लिया। वहीं, घटना की जानकारी पाकर प्रभारी निरीक्षक अतुल कुमार प्रजापति और चौकी प्रभारी परमानंद त्रिपाठी मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने आरोपी चालक और खलासी को हिरासत में लेकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि डंपर को कब्जे में लेने के साथ दोनों आरोपियों को हिरासत में लिया गया है।