कंदवा। थाना क्षेत्र के महुंजी गांव में सोमवार की सुबह करेंट की चपेट में आने से किशोरी गंभीर रूप से झुलस गई। गंभीर अवस्था में परिजन उसे इलाज के लिए सैयदराजा स्थित एक निजी अस्पताल ले गए जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना पर पहुंची कंदवा पुलिस ने शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया।
पुलिस के अनुसार महुंजी गांव निवासी बजरंगी यादव के घर के सभी सदस्य सिवान में गए हुए थे। उनकी पुत्री आरती यादव (16) घर में अकेली थी। बिजली आने पर वह फर्राटा पंखा लगा रही थी। पंखे में पहले से करेंट प्रवाहित हो रहा था। इससे पंखा स्टार्ट करते ही वह करेंट की चपेट में आ गई। सिवान से वापस लौटने पर परिजनों ने उसे जमीन पर अचेतावस्था में गिरा पाया। आनन-फानन में परिजन उसे इलाज के लिए सैयदराजा स्थित एक निजी अस्पताल ले गए। यहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना पर कंदवा थाना के उपनिरीक्षक अजय यादव मौके पर पहुंचे और शव का पंचनामा करने के बाद पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया। किशोरी की मौत से परिजनों में रोना-पीटना मच गया।