चहनिया। मारूफपुर चौकी क्षेत्र के सैदपुर पुल से सरौली गांव निवासी नेहा यादव (15) ने गंगा में छलांग लगा दी। पुलिस ने आसपास के मछुआरों की मदद से नेहा की तलाश करने की कोशिश की, लेकिन पानी का बहाव तेज होने कारण उसका पता नहीं चल सका। नेहा ने ऐसा क्यों किया, इसके कारणों का पता करने के लिए पुलिस उसकी बहन को मारूफपुर चौकी ले आने के बाद बयान दर्ज कर तलाश में जुट गई।
बलुआ थानाध्यक्ष डाॅ. आशीष कुमार मिश्रा के अनुसार बहन ने पुलिस को बताया कि नेहा घर से साइकिल लेकर निकली थी। उसने गंगा में कूदने से पहले अपने बड़े पापा की बेटी को फोन किया था। जब उसने पुल से कूदने की बात कही तो उसकी बहन बाइक से मारूफपुर पुलिस चौकी पहुंची और घटना की सूचना दी। इसके बाद वह पुल पर गई, तब तक नेहा गंगा में कूद चुकी थी। चौकी प्रभारी अमित सिंह परिवार के सदस्यों से पूछताछ कर नेहा की तलाश में जुटे रहे। बलुआ थानाध्यक्ष ने बताया कि मामला नेहा की तलाश कराई जा रही है।