नौगढ़। स्मार्टफोन के अभाव में पढ़ाई पूरी नहीं कर पा रहे परिषदीय स्कूलों के छात्र-छात्राओं को अब घबराने की जरूरत नहीं है। मिशन प्रेरणा के दूसरे चरण के तहत अध्यापकों को बच्चों के घर भेजकर उनके अभिभावकों को सप्ताह में एक दिन स्कूल आने के लिए आमंत्रित किया जा रहा है।
विद्यालय की ओर से अभिभावक को शिक्षण सामग्री दी जाएगी, जिसे उन्हें बच्चों को देना होगा। इसके साथ ही कार्य पूरा होने पर उत्तर पुस्तिका को जांचने के लिए विद्यालय पहुंचाना भी लाना होगा। बृहस्पतिवार को अध्यापकों के साथ विकास खंड नौगढ़ क्षेत्र के एआरपी जय प्रकाश सिंह यादव ने घर-घर जाकर अभिभावकों को आमंत्रित किया।
उन्होंने बताया कि परिषदीय विद्यालयों के कक्षा एक से आठ तक शिक्षा ग्रहण कर रहे छात्र-छात्राओं की शैक्षणिक गतिविधियों पर प्रतिकूल प्रभाव न पड़े इसके लिए बेसिक शिक्षा विभाग ने मिशन प्रेरणा की पाठशाला के प्रथम चरण में दूरदर्शन, आकाशवाणी, व्हाट्सएप के माध्यम से अभिभावक व बच्चों तक शैक्षणिक सामग्री पहुंचाई गई थी अब सभी बच्चों के अभिभावकों के पास स्मार्टफोन ना होने से घर बैठे बच्चों को पठन-पाठन सामग्री पहुंचाना मुश्किल हो रहा था ऐसे में स्मार्टफोन नहीं रखने वाले अभिभावकों को सप्ताह में एक दिन विद्यालय आमंत्रित किया जाएगा। परिवार का जो भी सदस्य पढ़ा लिखा होगा उसे सप्ताह में प्रत्येक सोमवार को आना होगा तथा बच्चों को पढ़ाई के लिए जो सामग्री उन्हें दी जाएगी उसे बच्चों तक पहुंचानी होगी, साथ ही बच्चे की पढ़ाई में सहयोग भी करना होगा। एक सप्ताह में कार्य पूरा होने के बाद उत्तर पुस्तिका भी स्कूल लानी होगी और जांच में जो भी कमी मिलेगी उसकी चर्चा अभिभावकों से विद्यालय के प्रधानाध्यापक से करेंगे।