मंदिर में लगे झूले पर बैठीं युवतियां और बच्चे।
- फोटो : संवाद
राजदरी। कोईलरवा हनुमान मंदिर इन दिनों सिर्फ श्रद्धा और आस्था का केंद्र नहीं रह गया है बल्कि यहां आने वाले श्रद्धालुओं के लिए मनोरंजन और पारिवारिक आनंद का भी स्थल बन चुका है। मंदिर परिसर में लगे झूले ने खास तौर पर बच्चों, महिलाओं और युवतियों के बीच अलग ही उत्साह पैदा कर दिया है।
श्रद्धालु जब बाबा हनुमान के दर्शन के लिए मंदिर पहुंचते हैं, तो पूजा-अर्चना के बाद बच्चे, महिलाएं और युवा झूले पर झूलकर मस्ती का आनंद लेते नजर आते हैं। मंदिर में बना यह झूला अब वहां आने वालों के लिए सांसारिक तनाव से राहत और बालमन की प्रसन्नता का कारण बन गया है। श्रद्धालु छत्रबली सिंह, श्याम जी सिंह का कहना है कि पहले मंदिर में केवल पूजा तक सीमित गतिविधियां होती थीं लेकिन अब झूले की वजह से पूरा माहौल अधिक जीवंत, पारिवारिक और आकर्षक हो गया है।
मंदिर के पुजारी संत रामदास त्यागी का कहना है कि भविष्य में इस तरह की और भी सुविधाएं जोड़ी जाएंगी ताकि लोग पूरे परिवार के साथ आकर शांति, श्रद्धा और आनंद का अनुभव कर सकें। प्राचीन व दक्षिण मुखी कोईलरवा मंदिर श्रद्धालुओं की आस्था को देखते हुए उनके ठहरने खाना पीना बनाने और उनकी सुविधाओं के लिए जिला पंचायत निधि से जिला पंचायत अध्यक्ष दीनानाथ शर्मा व पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष छत्रबली सिंह की पहल पर तमाम विकास कार्य कराए गए हैं। जहां टीनशेड, गो-शाला, शौचालय, स्नान घर, पेयजल की व्यवस्था,तमाम प्रकार के झूले, कथा स्थल इत्यादि का निर्माण कराया गया है, जिससे दूरदराज के आने वाले श्रद्धालुओं को काफी सहूलियत होती है।