नगर पंचायत सैयदराजा की भाजपा समर्थित चेयरमैन रीता देवी (42) का रविवार को इलाज के दौरान आकस्मिक निधन हो गया। डायरिया की शिकायत के चलते उन्हें वाराणसी स्थित एक निजी चिकित्सालय में भर्ती कराया गया था, जहां एक घंटे बाद ही उनकी सांसें थम गईं।
बीजेपी नेता टुन्नू कबाड़ी की पत्नी और नगर पंचायत सैयदराजा की अध्यक्ष रीता देवी पिछले तीन दिनों से बीमार चल रही थीं। डायरिया के चलते उन्हें डिहाइड्रेशन हो गया। रविवार को तबीयत बिगड़ने पर परिजन उन्हें लेकर चंदौली के एक निजी अस्पताल में पहुंचे, जहां स्थिति गंभीर देख चिकित्सक ने वाराणसी ले जाने की सलाह दी। एंबुलेंस से उन्हें वाराणसी के एक नीजि अस्पताल में पहुंचाया गया। स्थिति नाजुक होने के कारण उन्हें वेंटिलेटर पर रखा गया। लेकिन एक घंटे बाद ही उनकी मौत हो गई। रीता देवी ने 26 मार्च 2023 को चेयरमैन पद का शपथ लिया था। 13 महीने तीन दिन तक कर्तव्य निभाते हुए उनका निधन हो गया है। उनका एक पुत्र श्रवण कुमार (13) और तीन बेटियां आंचल (15), नंदनी (17), करिश्मा (20) हैं। संवाद