धानापुर। मनमाना बिजली कटौती से आक्रोशित ग्रामीणों ने बुधवार को डबरिया विद्युत उपकेंद्र पर ताला बंद कर प्रदर्शन किया। ग्रामीणों का आरोप है कि लगातार बिजली कटौती के कारण घरेलू कामकाज के साथ धान की सिंचाई प्रभावित हो रही है। उन्होंने बिजली आपूर्ति व्यवस्था दुरुस्त करने की मांग की है।
डबरिया पाॅवर हाउस से गुरैनी, बिरासराय, बघरी और माधोपुर फीडर जुड़े हैं। ग्रामीणों के अनुसार, क्षेत्र में आए दिन अघोषित बिजली कटौती होने से उपभोक्ताओं को परेशानी उठानी पड़ रही है। बुधवार को नाराज ग्रामीण पावर हाउस पहुंचे और फीडरों की बिजली आपूर्ति बंद कराकर विरोध जताया। ग्रामीणों ने बताया कि बिजली कटौती से उमसभरी गर्मी से जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। धान की सिंचाई नहीं हो पा रही है। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि अधिकारियों व कर्मचारियों की लापरवाही का खामियाजा उन्हें भुगतना पड़ रहा है। प्रदर्शन में संतोष पांडेय, प्रीतम दादा, प्रदीप सिंह, अजय मौर्य आदि शामिल थे। वहीं, अवर अभियंता दीपक दास ने बताया कि बारिश के कारण तकनीकी खराबी आई है, जिसे दुरुस्त कराया जा रहा है। जल्द ही आपूर्ति सामान्य कर दी जाएगी।