पीडीडीयू नगर। पंडित दीनदयाल उपाध्याय नगर के विद्यार्थी नई दिल्ली में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के समक्ष पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की संघर्ष गाथा सुनाएंगे। लोकसभा सचिवालय में राष्ट्रपिता महात्मा गांधी और शास्त्री जी की जयंती पर आयोजित कार्यक्रम में भाग लेने के लिए मंगलवार को पीडीडीयू नगर से 15 छात्र-छात्राओं का दल रवाना हुआ।
नगर पालिका इंटर कॉलेज से सुबह डीआईओएस दल सिंगार यादव ने 15 छात्र-छात्राओं को उनके अभिभावकों के साथ रवाना किया गया। डीएम के निर्देश पर जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान सकलडीहा के प्रधानाचार्य की अध्यक्षता में गठित समिति ने विभिन्न संस्थानों से 15 छात्र-छात्राओं का चयन किया था। इसके बाद इन छात्र-छात्राओं को एक सप्ताह तक विशेषज्ञों ने प्रशिक्षण दिया। नगर पालिका इंटर कॉलेज के शिक्षक योगेश कुमार सिंह के नेतृत्व में टीम दिल्ली रवाना हुई। डीआईओएस ने बताया कि विद्यार्थी लोकसभा सचिवालय संसदीय लोकतंत्र शोध एवं प्रशिक्षण संस्थान की ओर से दो अक्तूबर को आयोजित कार्यक्रम में हिस्सा लेंगे। साथ ही पीएम मोदी की मौजूदगी में पीडीडीयू नगर के सपूत पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री के जीवन के विभिन्न पहलुओं पर अपने विचार रखेंगे। इस मौके पर राजू कुमार सिंह, संजय श्रीवास्तव, मयंक मोहन सिंह, रवि शेखर शर्मा, कामेश सिंह, संगीता यादव, डॉ. भावना निगम आदि मौजूद थे।