पीडीडीयू नगर। सैयदराजा क्षेत्र के बगही कुंभापुर में 69.52 करोड़ से बहुउद्देशीय हब की योजना अधर में लटक गई है। 17 करोड़ हो चुके हैं जारी होने के बाद भी जमीन अधिग्रहण की प्रक्रिया ही पूरी नहीं की जा सकी।
जिले में पर्यटकों को ठहरने, खाने-पीने और घूमने समेत अन्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से पूर्व सांसद डॉ. महेंद्रनाथ पांडेय के कार्यकाल में सैयदराजा में बहुउद्देशीय हब बनाने की योजना तैयार की गई थी। 53 एकड़ जमीन आधुनिक सुविधाओं से युक्त बहुद्देश्यीय भवन के निर्माण की मंजूरी शासन से मिली थी। इसमें होटल, मोटल, इलेक्ट्रानिक वाहनों को चार्ज करने की सुविधा, पेट्रोल पंप, रोडवेज वर्कशाप की व्यवस्था की जानी थी। पिछले साल नवंबर में इसकी प्रक्रिया शुरू हुई थी और 17 करोड़ रुपये भी जारी किए गए थे, लेकिन अभी तक जमीन का अधिग्रहण नहीं नहीं किया जा सका। इससे बहुद्देश्यीय हब की योजना लटक गई है।
योजना के तहत बहुद्देश्यीय हब में एक जिला एक उत्पाद योजना में चिह्नित जरी-जरदोजी और काला चावल के साथ यहां के अन्य उत्पादों को प्रदर्शित करने की योजना है। साथ ही प्रमुख पर्यटन स्थलों के बारे में सैलानियों को जानकारी देने के लिए पर्यटन केंद्र, अंतरराज्यीय बस अड्डा और वर्कशॉप का निर्माण भी किया जाना है।
कोट........
बहुद्देश्यीय हब की योजना को शासन बेहतर स्वरूप देने पर पुनर्विचार कर रहा है, जिसके चलते प्रक्रिया अभी आगे नहीं बढ़ पाई है। शासन का निर्देश मिलने पर अग्रिम कार्यवाही शुरू की जाएगी। - निखिल टीकाराम फुंडे, जिलाधिकारी