पीडीडीयू नगर। जिले के झांसी स्थित पाल धर्मशाला में आयोजित शिक्षा प्रोत्साहन समिति के बैनर तले अहिल्या बाई होल्कर विद्यार्थी सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। इसमें वर्ष 2024-25 में हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट की परीक्षाओं में 75 फीसदी से ज्यादा अंक प्राप्त करने वाले समाज के 45 मेधावी विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया।
मुख्य अतिथि अखिल विश्व पाल क्षत्रिय महासभा के प्रदेश अध्यक्ष और राष्ट्रीय बौद्धिक मंच अपना दल सोनेलाल के राष्ट्रीय अध्यक्ष हौसिला प्रसाद ने मेधावी विद्यार्थियों को मेडल, सम्मान पत्र एवं डिक्शनरी भेंटकर सम्मानित किया। सम्मान पाकर अमन, पीयूष, अल्का, गोल्डी, वंदना, आंचल, विनय, नीतू, अमित, वर्षा, प्रदीप, पवन, काजल, बृजेश, सत्यम, प्रज्ञा, प्रिया और श्वाति सहित अन्य विद्यार्थी खुश नजर आए। मुख्य अतिथि ने छात्रों को प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए प्रोत्साहित किया। प्रो. गोमतेश्वर पाल ने विद्यार्थियों को नियमित अध्ययन की आदत डालने और मन लगाकर पढ़ाई करने की सलाह दी। सीआरपीएफ के कमांडेंट अजय कुमार ने महापुरुषों के जीवन से प्रेरणा लेकर कठिन परिश्रम करने का संदेश दिया। इस दौरान बीईओ अजीत पाल, डॉ. संजय पाल, डॉ. विनोद पाल, रमाकांत पांडेय, डॉ. उदित नारायण पटेल, मुखराम पाल, दीपक पाल, महेंद्र पाल, राजकुमार पाल, दयाशंकर पाल आदि मौजूद रहे। अध्यक्षता राधेश्याम पाल और संचालन अशोक पाल ने किया।