चंदासी स्थित विक्रम सिंह कन्या महाविद्यालय में आयोजित शिविर में शामिल रेंजर।
- फोटो : CHANDAULI
पीडीडीयू नगर। नगर के चंदासी स्थित विक्रम सिंह कन्या महाविद्यालय में आयोजित पांच दिवसीय रोवर्स रेंजर्स शिविर के समापन पर बुधवार को छात्राओं ने सांस्कृतिक कार्यक्रमों से उपस्थित लोगों का मन मोहा। छात्राओं ने टेंट बनाने, गांठ बंधन फांस, विपरीत परिस्थितयों में जीवन जीने की कला का प्रदर्शन करने के साथ ही पाक कला प्रदर्शित की। समापन समारोह की शुरूआत मुख्य अतिथि जिला संगठन कमिश्नर सत्यमूर्ति ओझा और कॉलेज के प्रबंधक मनोज यादव ने मां सरस्वती और विक्रम सिंह के चित्र पर माल्यार्पण कर और दीप प्रज्ज्वलित कर की।
इस मौके पर कॉलेज की गाइड्स ने सरस्वती वंदना,स्वागत गीत प्रस्तुत किया। गाइड्स ने अहिल्या बाई, गुलाब का फूल, मदर टरेसा, मेरी गोल्ड, रानी द्रौपदी, रजिया सुल्तान, झांसी की रानी आदि नामों से टोलियां बनाकर गंगा स्वच्छता अभियान, रानी शिक्षा से जुड़ी झांकियों से लोगों को जागरूक किया। इस मौके पर मुख्य अतिथि ने कहा कि शिक्षा के माध्यम से पद पाना, यशकृति प्राप्त कर लेना कोई नई बात नहीं, शिक्षा वहीं वास्तविक है जो हमेशा राष्ट्रप्रेम, दया, करुणा आदि मानवीय मूल्यों से ओतप्रोत कर दे। इसके पूर्व अतिथियों ने शिविर का निरीक्षण किया। इस मौके पर महेन्द्र कुमार, पुनीता कुमारी, यशस्वी, शिव यादव, विजय यादव, डॉ. गोपाल सिंह, सत्यप्रकाश राय, विजेता सिंह, पुष्पा यादव रहे।