पीडीडीयू नगर। परिषदीय स्कूलों के विद्यार्थी पढ़ाई के साथ ही खेलकूद में भी निपुण बनेंगे। विद्यार्थियों को देसी खेलों में निपुण बनाया जाएगा। इसके लिए कैलेंडर भी बनाया गया है। इसके तहत विद्यार्थी देसी खेलों के बारे में जान सकेंगे। सप्ताह में एक दिन शनिवार को स्कूलों में देसी खेल कराए जाएंगे।
परिषदीय स्कूलों में पढ़ने वाले विद्यार्थियों को हाईटेक सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। ताकि अच्छी शिक्षा मिल सके और वे माता-पिता के साथ जिले का भी नाम रोशन कर सकें। परिषदीय स्कूलों के विद्यार्थी लगातार प्रतियोगी परीक्षाओं में बेहतर परिणाम ला रहे हैं। हर स्कूल में अनिवार्य रूप से देसी खेल सप्ताह के आखिरी दिन कराए जाएंगे। बीएसए सचिन कुमार ने बताया कि है कि खेल का कैलेंडर राज्य शैक्षिक अनुसंधान एवं प्रशिक्षण परिषद के निदेशक की ओर से जारी किया गया है। परिषदीय स्कूलों के प्रधानाध्यापकों को सप्ताह के अंतिम दिन परंपरागत खेलों का आयोजन किए जाने के निर्देश दिए गए है। कबड्डी, खो-खो, गिल्ली-डंडा, कुश्ती सहित 12 परंपरागत और स्थानीय खेल हैं। इन्हें बाल सभा के तहत अनिवार्य रूप से कराए जाने हैं।