परीक्षाफल रोके जाने से नाराज स्वामी शरण सिंह महाविद्यालय के बीए तृतीय
वर्ष के छात्रों ने गुरुवार को दोपहर कलेक्ट्रेट पर प्रदर्शन किया।
इस
अवसर पर आरोप लगाया कि भूगोल द्वितीय प्रश्नपत्र की परीक्षा के दौरान
सामूहिक नकल का आरोप लगाकर विश्वविद्यालय द्वारा परीक्षा परिणाम रोक दिया
गया है।
इससे छात्रों का भविष्य अंधकारमय हो गया है। अंत में एसडीएम को
पत्रक सौंपकर 28 सितंबर से विद्यालय पर धरना-प्रदर्शन करने की अनुमति
मांगी।
प्रदर्शन कर रहे छात्रों का कहना था कि विद्यालय में भूगोल
द्वितीय प्रश्न पत्र की परीक्षा के दौरान दो छात्राओं को नकल करते हुए
पकड़ा गया। लेकिन इसका खामियाजा सभी छात्र-छात्राओं को भुगतना पड़ रहा है।
सभी का परीक्षा परिणाम रोक दिया गया है।
कहा कि प्रबंधन छात्रों की कोई मदद
नहीं कर रहा है। बार-बार आश्वासन दिया जा रहा है कि शीघ्र ही परीक्षा
परिणाम घोषित हो जाएगा।
विद्यालय द्वारा दोबारा प्रवेश शुल्क देकर सभी
विषयों की परीक्षा देने का दबाव बनाया जा रहा है। कहा कि वे कुलपति से भी
मिल चुके हैं लेकिन अभी तक कोई नतीजा नहीं निकल पाया है।
परीक्षाफल
घोषित नहीं होने से छात्रों की आगे की शिक्षा भी बाधित हो रही है। चेतावनी
देते हुए कहा कि यदि शीघ्र ही परीक्षा परिणाम घोषित नहीं कराया गया तो
छात्र महाविद्यालय के बाहर धरना देने को बाध्य होंगे। इस अवसर पर पूजा
यादव, कौशल, राहुल, अफरोज, सुमन, अंकिता, निशा, संगीता आदि उपस्थित रहीं।