नियामताबाद। अलीनगर पुलिस और सर्विलांस टीम ने भैंस चोरी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश करते हुए आठ आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों को रेवसा स्थित रेलवे ब्रिज के नीचे उस समय पकड़ा, जब वे चोरी की भैंस को पिकअप में लाद रहे थे।
आरोपियों के पास से 23,700 रुपये नकद और छह मोबाइल फोन बरामद हुए हैं। पुलिस की पूछताछ में आरोपियों ने अलीनगर, सकलडीहा, चंदौली, सैयदराजा, चकिया और इलिया थाना क्षेत्रों में भैंस चोरी की आधा दर्जन घटनाओं को अंजाम देने की बात स्वीकार की।
सीओ अरुण कुमार सिंह ने बताया कि भैंस चोरी की शिकायतें मिल रही थीं। घटनाओं के खुलासे के लिए थाना स्तर टीमें गठित की गई थीं। सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों से पता चला कि गिरोह के सदस्य गांवों में घूमकर रेकी करते थे और मौका देखकर भैंसों को चोरी कर पिकअप से बिहार ले जाते थे। मंगलवार को सूचना मिली कि भैंस चोर रेवसा रेलवे ब्रिज के नीचे चोरी की भैंस को पिकअप में लाद रहे हैं। इसके बाद टीम ने घेराबंदी की। आरोपियों ने पुलिसकर्मियों को कुचलने की नीयत से पिकअप दौड़ा दी। अनियंत्रित पिकअप ब्रिज के पिलर से टकरा गई।
इसके बाद पुलिस ने चालक समेत आठ आरोपियों को पकड़ लिया। गिरफ्तार आरोपियों में महाराष्ट्र के सांगली निवासी जुबेर मुबारक शेख, चंदौली के सकलडीहा निवासी विजय चौहान उर्फ रिंकू, वाराणसी के सलालपुर निवासी आनंद मौर्य, बिहार के कैमूर निवासी ओम प्रकाश नट, चंदौली के फगुइया निवासी सटरु हुसैन, कैमूर निवासी नितेश कुमार, बक्सर निवासी अखिलेश नट और कैमूर निवासी विनोद नट शामिल हैं।
आरोपियों ने बताया कि बरामद भैंस को उन्होंने अपने अन्य साथियों बन्नी, गुड्डु और साहेब के साथ मिलकर पास के गांव से चोरी की थी। आरोपी विजय चौहान उर्फ रिंकू ने चकिया के भटपुरवा गांव से जून में दो भैंस और जुलाई में लठिया गांव से दो भैंस चोरी करने की बात स्वीकार की।