राज्य महिला आयोग की सदस्य सुनीता श्रीवास्तव ने पीडब्ल्यूडी गेस्ट हाउस में महिलाओं की शिकायतें सुनीं। सिकरी गांव में जन चौपाल लगाकर महिलाओं से सीधा संवाद किया।
उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग की सदस्य सुनीता श्रीवास्तव की अध्यक्षता में बुधवार को पीडब्ल्यूडी गेस्ट हाउस में महिला जनसुनवाई आयोजित की गई। कार्यक्रम में जिले के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंची महिलाओं और बालिकाओं ने अपनी समस्याएं आयोग के समक्ष रखीं। सदस्य ने शिकायतों की सुनवाई कर संबंधित अधिकारियों को उनके त्वरित एवं पारदर्शी निस्तारण के निर्देश दिए।
विज्ञापन
जनसुनवाई के दौरान दहेज उत्पीड़न, घरेलू हिंसा तथा भूमि एवं संपत्ति विवाद से जुड़े मामलों की शिकायतें सामने आईं। राज्य महिला आयोग की सदस्य ने प्रत्येक प्रकरण को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
जनसुनवाई से पूर्व सुनीता श्रीवास्तव ने सिकरी गांव पहुंचकर जन चौपाल का आयोजन किया। इस दौरान उन्होंने ग्रामीण महिलाओं और स्थानीय लोगों से संवाद कर उनकी समस्याओं की जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि महिलाओं के कल्याण के लिए संचालित सभी सरकारी योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र महिला तक पारदर्शी ढंग से पहुंचे तथा उनकी शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण किया जाए।
विज्ञापन
कार्यक्रम में जिला प्रोबेशन अधिकारी प्रभात कुमार, क्षेत्राधिकारी, अपर मुख्य चिकित्साधिकारी, पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी रत्नेश सिंह, जिला समाज कल्याण अधिकारी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।