चंदौली जिले में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बलुआ थाना पुलिस और एएनटीएफ वाराणसी की संयुक्त टीम ने मंगलवार की शाम 253 ग्राम हेरोइन के साथ एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, बरामद मादक पदार्थ की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब 31.62 लाख रुपये आंकी गई है। आरोपी के विरूद्ध प्राथमिकी दर्ज कर बुधवार को पुलिस ने उसे जेल भेज दिया।
क्या है मामला
बलुआ थानाध्यक्ष अरुण प्रताप सिंह ने बताया कि सूचना पर थाने की पुलिस और एएनटीएफ की संयुक्त टीम ने ग्राम टांडाकला स्थित अंग्रेजी शराब की दुकान के पास घेराबंदी की। इस दौरान पुलिस ने सोनबरसा, टांडाकला निवासी जगदीश सिंह पुत्र स्वर्गीय राजेंद्र सिंह को धर दबोचा।
इस दौरान पुलिस को देखकर आरोपी जगदीश सिंह ने शोर मचाकर भ्रमित करने का प्रयास किया लेकिन टीम ने नायब तहसीलदार दिनेश कुमार शुक्ला की मौजूदगी में नियमानुसार तलाशी ली गई। आरोपी के हाफ पैंट की कमर में छिपाई गई काली पॉलिथीन से 253 ग्राम कथित हेरोइन और 1,100 रुपये नकद बरामद हुए।
पूछताछ में आरोपी ने पुलिस को बताया कि वह कैथी (वाराणसी) से मादक पदार्थ लाकर उसकी छोटी-छोटी पुड़िया बनाकर ग्राहकों को बेचता था। बलुआ थाना प्रभारी अरुण प्रताप सिंह ने बताया कि आरोपी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज र उसे जेल भेज दिया गया है।