सड़क के साथ दोनो तरफ सर्विस लेन और सर्विस लेन के किनारे राजस्थान के कारीगरों की ओर से गढ़कर नक्काशीदार पत्थर लगाए गए हैं जो सिक्स लेन की सुंदरता में चार चांद लगा दे रहे हैं। लेकिन इसी में डांडी के पास सड़क के दोनो तरफ 4-5 जगहों पर तबेला खोल दिया गया है। जिन पत्थरों को राजस्थान के कारीगरों ने दिन-रात मेहनत कर गढ़ा है उसमें गाय और भैंस बांधी जा रही हैं। वहीं चमचमाती सड़क गोबर से सनी हुई है।
सबसे बड़ी बात कि इस मार्ग पर ही एशिया की सबसे बड़ी कोलमंडी चंदासी है। जिससे रोजाना 1200 ट्रकों का आवागमन होता है। वहीं 5 हजार से ज्यादा छोटे-बड़े वाहनों और 500 से ज्यादा स्कूली वाहनों का आवागमन होता है। वहां दो बड़े निजी विद्यालय हैं जहां की 300 से ज्यादा बसें इसी लेन से जाती हैं। ऐसे में सड़क पर पशुओं के रहने से कभी भी हादसा हो सकता है।
मवेशी सड़क पर बैठे मिल जाते हैं, जिससे वाहनों की गति धीमी हो जाती है और दुर्घटनाओं की संभावना बनी रहती है। खासकर रात के समय यह स्थिति और भी खतरनाक हो जाती है, क्योंकि तेज रफ्तार में वाहन चालकों को मवेशी नजर नहीं आते।
सिक्स लेन पर पशुओं को बांधने वाले पशुपालकों को जल्द ही नोटिस दी जाएगी। न हटाने पर निश्चित रूप से कार्रवाई की जाएगी। - राजेश कुमार, एक्सईएन, लोक निर्माण विभाग