जिले में पहली बार बेसिक शिक्षा विभाग के कक्षा छह से आठ तक के बच्चों के साथ माध्यमिक विद्यालयों में पढ़ने वाले बच्चों के लिए स्कूल गेम्स फेडरेशन ऑफ इंडिया (एसजीएफआई) की ओर से आयोजित खेल प्रतियोगिता कराई जाएगी। इसे लेकर तैयारी शुरू हो गई। जिले में चार खेलों की मंडल स्तरीय प्रतियोगिता होगी। नवनियुक्त जिला विद्यालय निरीक्षक दल सिंगार यादव ने खेलों के आयोजन के लिए समिति गठन की प्रकिया भी शुरू कर दी है।
जिला विद्यालय निरीक्षक ने बताया कि अगस्त से खेल प्रतियोगिताएं शुरू होने वाली हैं। जिले को मंडल स्तरीय चार खेल प्रतियोगिताएं कराने की जिम्मेदारी निदेशक से मिली है। सितंबर में आयोजित मंडल स्तरीय चार खेलों में ताइक्वांडो, भारोत्तोलन, तीरंदाजी और निशानेबाजी शामिल है। खेलों के आयोजन के लिए जिला और मंडल स्तरीय समिति गठित की जाएगी। समिति की निगरानी में पहले जिला स्तरीय प्रतियोगिता होगी। इसमें प्रथम आने वाले खिलाड़ियों का मंडल स्तरीय प्रतियोगिता के लिए चयन किया जाएगा।
इसके बाद चयनित खिलाड़ियों को प्रदेश स्तरीय प्रतियोगिता में दमखम दिखाने का मौका मिलेगा। मंडल स्तर की प्रतियोगिता अगले माह 12 अगस्त से शुरू होगी। चंदौली में नौ से दस सितंबर के बीच ताइक्वांडो, 17 व 18 सितंबर को भारोत्तोलन, 19 व 20 सितंबर को तीरंदाजी और 25 व 26 सितंबर को रायफल शूटिंग की प्रतियोगिता होगी। एसजीएफआई की ओर से आयोजित इस प्रतियोगिता में पहली बार नौ खेल थांगता मार्शल आर्ट, कुराश, योग, करालारीपट्टू, शतरंज, वुशू, मलखंभ, सेपक टाकरा और गतका को तीन साल के लिए प्रायोगिक तौर पर शामिल किया गया है।
इन खेलों का आयोजन मंडलीय समिति की ओर से अगस्त में ही कराया जाना है। प्रतियोगिता में परिषदीय विद्यालय के कक्षा छह से आठ तक के बच्चे, कस्तुरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालयों की बालिकाएं और माध्यमिक विद्यालय के बच्चे हिस्सा लेंगे।