पीडीडीयू रेल मंडल के मंडल रेल प्रबंधक उदय सिंह मीना ने बुधवार को मंडल के दुर्गावती रेलवे स्टेशन का निरीक्षण किया।
इस दौरान अमृत भारत योजना के तहत स्टेशन पर विकास के कार्य को देखा और इसमें तेजी लाने का निर्देश दिया। इस दौरान डीआरएम ने यात्री सुविधा, संरक्षा उपायों आदि का जायजा लिया।
डीआरएम उदय सिंह मीना विशेष ट्रेन से दुर्गावती स्टेशन पहुंचे। यहां उन्होंने ट्रैक के लिए नए बैलेस्ट की अनलोडिंग की प्रक्रिया को देखा और ट्रैक रखरखाव में प्रयुक्त आधुनिक मशीनों की कार्यप्रणाली का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान बैलास्ट क्लीनिंग मशीन और टैंपिंग मशीन का निरीक्षण किया। बैलास्ट क्लीनिंग मशीन पुराने और गंदे बैलास्ट (गिट्टी) को साफ करती है। इससे जल निकासी बेहतर होती है और ट्रैक की संरक्षा में सुधार होता है।
टैंपिंग मशीन ट्रैक के नीचे बैलेस्ट को सघन करती है। इससे ट्रैक की मजबूती और स्थायित्व बना रहता है। इसके बाद डीआरएम ने ट्रॉली से ट्रैक की स्थिति को देखा। उन्होंने पॉइंट एवं क्रॉसिंग, स्विच एक्सपेंशन जॉइंट की स्थिति व कार्यप्रणाली को देखा। इस दाैरान वरीय मंडल अभियंता समन्वय सूरज कुमार, वरीय मंडल अभियंता स्वाति राज, केशव आनंद आदि शामिल रहे। संवाद