वित्तमंत्री अरुण जेटली के आम बजट से असंतुष्ट समाजवादी छात्र सभा के
कार्यकर्ताओं ने रविवार को अलीनगर तिराहे से जूलूस निकालकर चकिया
त्रिमुहानी पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का पुतला फूंककर विरोध जताया।
कहा कि आम बजट पूरी तरह से जनता को बेवकूफ बनाने वाला है।
इस
अवसर पर कार्यकर्ताओं ने कहा कि आम बजट कहीं से भी आम जन के हितों के
अनुरूप नहीं है। मोदी ने जनता सेे झूठे वादे कर सत्ता हासिल की है। जबकि
जनता को महंगाई की मार झेलनी पड़ रही है। मोदी ने जनता से जितने भी वादे
किए, एक भी पूरा नहीं किया।
अच्छे दिन की बाट जोह रही जनता को आम बजट
से काफी उम्मीदें थीं। लेकिन वह अपने आप को छला हुआ महसूस कर रही है। मोदी
ने प्रदेश में भाजपा का परचम लहराने का जो सपना संजोया है, वह पूरा नहीं
होगा।
केंद्र सरकार ने पहले डीजल-पेट्रोल के कीमतों में एक-दो रुपए की कमी
कर जनता का विश्वास जीतने की कोशिश की। लेकिन पेट्रोलियम पदार्थों की
कीमतों में एक ही बार में तीन रुपये से अधिक की बढ़ोत्तरी कर जनता का भरोसा
तोड़ दिया है। इस अवसर पर संतोष यादव, पप्पू पांडेय, धीरज यादव, दिनेश
यादव, प्रिंस मिश्रा, अजय, दशमी, राजकुमार, लालबरत, सद्दाम, सुनील
आदि मौजूद रहे।