राजदरी, चंदौली। राबर्ट्सगंज के सपा सांसद छोटेलाल खरवार ने पर्यटन मंत्री राजेंद्र सिंह शेखावत को पत्र सौंपा। पत्र के माध्यम से क्षेत्र के पर्यटक स्थलों के विकास की मांग की है।
सांसद ने पत्र के माध्यम से बताया कि वनांचल और चंदौली के चकिया में कई प्राकृतिक पर्यटन स्थल हैं। यहां बड़ी संख्या में पर्यटक पहुंचते हैं। बावजूद इन स्थलों पर सुविधाओं का अभाव है। इससे पर्यटकों को परेशानियों का सामना करना पड़ता है। विशेष रूप से राजदरी-देवदरी जलप्रपात पर आने वाले पर्यटकों के लिए पीने के स्वच्छ पानी की समुचित व्यवस्था नहीं है। इस कारण उन्हें बाहर से पानी खरीदना पड़ता है। पत्र में यह भी कहा गया है कि राजदरी-देवदरी जलप्रपात पर पर्यटकों को केवल गिरता हुआ पानी देखने को मिलता है, जबकि वहां अन्य आकर्षक गतिविधियों और सुविधाएं विकसिकत की जा सकती हैं। यदि इस स्थल का सुनियोजित विकास और सुंदरीकरण की जाए तो यहां पर्यटकों की संख्या में उल्लेखनीय वृद्धि हो सकती है। स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर भी पैदा होंगे। उन्होंने दोनों जलप्रपात स्थलों पर मोबाइल नेटवर्क की उपलब्धता सुनिश्चित करने की मांग की है, ताकि आपातकालीन स्थिति में पर्यटकों को त्वरित सहायता मिल सके। सांसद ने पत्र में चकिया विधानसभा क्षेत्र के दुर्गम बौद्ध स्थल को पर्यटन स्थल घोषित करने की मांग भी उठाई है।