चंदौली। सोमवार को समाजवादी पार्टी के सांसद छोटेलाल खरवार ने जिलाधिकारी चंद्रमोहन गर्ग से मुलाकात कर विकासखण्ड नौगढ़ की समस्याओं को लेकर ज्ञापन सौंपा। सांसद ने ज्ञापन में क्षेत्र की पेयजल, सिंचाई और सड़क से जुड़ी कई अहम मांगें रखीं हैं। उन्होंने कहा कि औरवाटांड़ बांध का पानी पांच फीट तत्काल निकाला जाए ताकि आसपास के गांवों को राहत मिल सके। साथ ही नौगढ़ चकिया के सभी गांवों में हर घर जल नल योजना तुरंत चालू की जाए, जिससे ग्रामीणों को शुद्ध पेयजल उपलब्ध हो सके नौगढ़ के ऐतिहासिक क़िला रोड की ऊँचाई बढ़ाकर मरम्मत कार्य शीघ्र कराया जाए ताकि आवागमन सुगम हो सके।
भैसौड़ा बांध का पानी कूड़ा राजवाहा और मझगावां नहर में लिफ्ट कराकर छोड़ा जाए, नौगढ़ लिफ्ट से पानी गोलाबाद और अमदहां बंधी तक पहुंचाया जाए। वहीं धनकुंवारी लिफ्ट का पानी चिकनी पढ़ौती और औरवाटांड़ गांव तक सिंचाई के लिए पहुंचाया जाए। जिलाधिकारी चंद्रमोहन गर्ग ने ज्ञापन प्राप्त कर सांसद को आश्वासन दिया कि इन समस्याओं का शीघ्र निस्तारण किया जाएगा। उन्होंने कहा कि प्रशासन ग्रामीणों की बुनियादी सुविधाओं को प्राथमिकता के आधार पर पूरा करने के लिए प्रतिबद्ध है।